
जोधपुर की इस कॉलोनी में न सड़क है न ही सीवरेज, पानी के लिए भी मंगवाना पड़ता है टैंकर
बासनी (जोधपुर).
वैसे तो बासनी की कई कॉलोनियों में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है लेकिन झालामंड स्थित हनुमान नगर के वार्ड 2 में लोगों को मूलभूत सुविधाओं की भी दरकरार है। वार्ड में सड़क, सीवरेज सहित बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन की उदासीनता का शिकार यहां रहने वाले आमजन हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि सीवरेज लाइन के लिए एक बार मुद्दा भी उठाया था, लेकिन फिर भी यहां सीवरेज लाइन नहीं डाली गई। सीवरेज के साथ पानी की समस्या से भी क्षेत्रवासियों को गर्मी के मौसम में परेशान होना पड़ रहा है। एक टैंकर पानी के लिए 500 से 600 रुपए तक की कीमत अदा करनी पड़ रही है। गर्मियों के कारण टैंकर वाले भी पानी के मनमाने दाम ले रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यहां एक मात्र सड़क मरम्मत के अभाव में जगह जगह से टूट गई है। रोड लाइट नहीं होने के कारण रात को अंधेरा पसरा रहता है। जिससे रात को घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। वहीं कुछ स्थानों पर लगी लाइट दिन में भी जगमगा रही है।
इनका कहना है-
गर्मी के दौरान पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। पानी नही आने के कारण टैंकरों से आपूर्ति करनी पड़ रही है। टैंकर वाले भी मनमाने भाव ले रहे हैं।
- खेताराम प्रजापत
यहां अभी तक सीवरेज लाइन नही बिछाई गई है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देकर सीवरेज सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करवानी चाहिए।
- सुरेश प्रजापत
सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण हिचकोले खाने पड़ रहे हैं। गड्ढों से वाहन निकालने से टायर पंचर होने के साथ ही पुर्जों को भी नुकसान होता है।
- भागीरथ प्रजापत
रोड लाइट नही होने की वजह से रात के समय अंधेरा रहता है। इससे घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है। अंधेरे में चोरी या अनहोनी भी हो सकती है।
- राहुल प्रजापत
Published on:
22 May 2018, 9:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.