
भाजपा में समाप्त की सभी की सक्रिय सदस्यता, अब नए सिरे से लगाना होगा जोर
अविनाश केवलिया/जोधपुर. भाजपा ( BJP ) ने देश में सदस्यता अभियान शुरू कर भविष्य की योजना बता दी है। फिलहाल सभी पुराने सदस्यों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय सदस्यता खत्म हो गई है। अब सक्रिय सदस्य बनने के लिए नए सिरे से जोर लगाना होगा। इस बार सक्रिय सदस्य बनने के लिए लक्ष्य कम कर दिया गया है। इस अभियान का सीधा असर प्रदेश में होने वाले नगरीय निकाय चुनावों में देखने को मिलेगा।
देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ( PM Narendra Modi ) ने सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के साथ रविवार को सभी जिला मुख्यालयों में इसकी औपचारिक शुरुआत हो गई। जिस तरह पिछली बार मोबाइल नम्बर से नए सदस्य बनाए गए थे, इस बार भी उसी तरह सदस्यता दी जाएगी। इसमें प्राथमिक सदस्यता 6 साल सक्रिय सदस्यता 3 साल के लिए दी जाती है। सक्रिय सदस्य बनने के लिए 25 नए सदस्य जोडऩा होगा।
यह है ग्राउंड रणनीति
- 6 साल के लिए प्राथमिक सदस्यता।
- 3 साल के लिए सक्रिय सदस्यता।
- 25 नए सदस्य जोडऩे पर कोई प्राथमिक सदस्य, सक्रिय सदस्य बन सकेगा।
- जिनकी प्राथमिक सदस्यता अवधि समाप्त नहीं हुई है उन्हें नई सदस्यता नहीं लेनी, जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
जोधपुर शहर में 60 हजार से अधिक का लक्ष्य
भाजपा ने सक्रिय सदस्य बनने के लिए लक्ष्य कम कर दिए लेकिन बूथ स्तर पर लक्ष्य बढ़ा दिए हैं। अब एक बूथ पर 100 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इस प्रकार जोधपुर शहर में 60 हजार से अधिक सदस्य बनाने का टारगेट है।
नजर निकाय चुनावों पर
निकाय चुनावों की सुगबुगाहट भी शुरू हो चुकी है। भाजपा के सदस्यता अभियान का असर इन चुनावों को प्रभावित कर सकता है। टिकट वितरण के समय जिला, मंडल और बूथ स्तर पर बनाए गए नए सदस्यों और सक्रिय सदस्यों की संख्या भी देखी जाएगी।
सक्रिय सदस्य अधिक बनाने पर जोर
पहले 100 प्राथमिक सदस्य बनाने पर सक्रिय सदस्य बनने का मौका मिलता था, अब यह टारगेट 25 कर दिया गया है। इसके पीछे कारण अधिक से अधिक सक्रिय सदस्य जोडऩा है। पदाधिकारी चुनते समय इनको महत्व दिया जाए।
इनका कहना है...
मोबाइल नम्बर से नए सदस्य बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिक से अधिक संख्या में सक्रिय सदस्य बनाने के लिए लक्ष्य कम किया गया है। तीन साल में सक्रिय सदस्यता खत्म हो जाती है, इसलिए नए सिरे से जोर लगाना होता है।
- नरेन्द्र कच्छवाह, संभाग प्रभारी भाजपा सदस्यता अभियान
सक्रिय सदस्य बनने के लिए 25 नए प्राथमिक सदस्य बनाने होंगे। सक्रिय सदस्य ही पार्टी में पद और निकाय चुनाव में टिकट का दावेदार होगा। प्राथमिक सदस्य के लिए कोई शुल्क नहीं है।
- जगत नारायण जोशी, शहर जिलाध्यक्ष, भाजपा
Published on:
08 Jul 2019 10:58 am
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
