
सावन के आगमन के साथ ही विभिन्न तीज-त्यौहारों के आने से ही यह मौसम महिलाओं का पसंदीदा बन जाता है। इस अवसर पर राजस्थानी महिलाएं झूला झूलते हुए गातीं हैं- रंगीलो सावन आयो रे सुरंगो सावन आयो, आयो आयो तीज त्यौहार...

इस बात को ध्यान में रखते हुए जोधपुर नगर निगम की ओर से हरियाली अमवस्या और तीज के तहत महिलाओं के लिए विशेष आयोजन रखा गया। इसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नगर निगम की ओर से नेहरू पार्क में सावन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास से किया गया। यहां महिलाएं पारंपरिक लहरिया पहन कर इठलाती हुईं नजर आईं। यहां विभिन्न प्रतियोगिताएं भी हुईं।

इस दौरान महिलाओं ने झूले झूले और कई गीत गाए। मेला समिति अध्यक्ष सुषमा परिहार ने निगम की महिला पार्षदों का आभार जताया।

आयुक्त दुर्गेशकुमार बिस्सा ने कहा कि नगर निगम की ओर से 2011 में सावन उत्सव मनाने की शुरुआत हुई थी।

मेला प्रभारी विनोद व्यास ने बताया कि मेले में सावन के झूले, चाट बाजार, चूडी बाजार, फ ास्ट फूड, आइसक्रीम की स्टॉल्स लगाई गई थीं। जिसका महिलाओं ने भरपूर आनंद उठाया।

सावन महोत्सव पर प्रतियोगिताएं हुई। इसमें रंगोली, नृत्य प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस, म्यूजिकल चेयर, मिस सावन, मिसेज सावन वमेहंदी आदि कई प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।