किराणा दुकानदार को पिस्तौल दिखा गल्ले से लूटे रुपए
– बनाड़ रोड पर रमजान हत्था के पास वारदात, पुलिस ने दबोचा आरोपी को
जोधपुर.
बनाड़ रोड पर रमजान हत्था के पास किराणा दुकान में घुसकर एक युवक ने पिस्तौल से डरा धमकाकर शुक्रवार दोपहर गल्ले से चार-पांच हजार रुपए लूट लिए। दुकानदार ने लोहे का बाट फेंका और पीछा कर पकडऩे का प्रयास भी किया, लेकिन वह भाग निकला। पुलिस ने देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार भदवासिया में रामनगर निवासी दीपक पुत्र रमेश बाफना की रमजान हत्था व पेट्रोल पम्प के बीच बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने नाकोड़ा किराणा एण्ड स्टोर नामक दुकान है। दोपहर 12.15 बजे बाइक सवार नकाबपोश युवक हेलमेट व शॉल पहने दुकान में घुसा। उसने पिस्तौल की नोंक पर जान से मारने की धमकियां देकर गल्ला खोला और उसमें रखे चार-पांच हजार रुपए लूट लिए।
पुलिस मौके पर पहुंची और हुलिए व बाइक के आधार पर नाकाबंदी कराई। सीसीटीवी फुटेज में लूट कैद हो गई। जिसके आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की है। इस बीच, संदिग्ध युवक के डिगाड़ी क्षेत्र में दिखाई देने का पता लगा। डिगाड़ी चौकी के हेड कांस्टेबल सीताराम व कांस्टेबल प्रकाश ने तलाश के बाद मूलत: हरियाढाणा हाल नांदड़ी में रामदेव मंदिर के पास निवासी अशोक (30) पुत्र भंवरलाल प्रजापत को गिरफ्तार किया। उसे दो-तीन माह पहले भी चोरी के मामले में पकड़ा गया था। उससे पिस्तौल बरामद की गई है।