10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीढ़ियों का ताला तोड़ छत से उतरकर भागी मूक-बधिर दो बालिकाएं

- मानसिक विमंदित गृह बंद थी दोनों नाबालिग लड़कियां

2 min read
Google source verification
सीढ़ियों का ताला तोड़ छत से उतरकर भागी मूक-बधिर दो बालिकाएं

सीढ़ियों का ताला तोड़ छत से उतरकर भागी मूक-बधिर दो बालिकाएं

जोधपुर।
मंडोर थानान्तर्गत आंगणवा गांव स्थित मानसिक विमंदित गृह की सीढ़ीयो का ताला तोड़ने के बाद दो मूक बधिर बालिकाएं छत से नीचे उतर कर भाग निकली। विमंदित गृह के कर्मचारियों ने आस पास तलाश की, लेकिन लड़कियों का पता नहीं लग पाया है। मंडोर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
पुलिस के अनुसार आंगणवा गांव में गुरु कृपा मानसिक गृह है, जहां से रात को ग्यारह साल और सत्रह साल की दो नाबालिग मूक-बधिर लड़कियां गायब हो गई। वार्ड में भर्ती युवतियों की गिनती करने पर दोनों के गायब होने का पता लगा।
जांच करने पर सीढ़ियों का ताला टूटा नजर आया, जहां से दोनों छत पर पहुंची और गृह के पिछले हिस्से में नीचे छज्जे पर उतरी और फिर पीपल के पेड़ के सहारे उतरकर भाग गईं। इसका पता लगने पर गृह के कर्मचारी हरकत में आए और तलाश शुरू की, लेकिन दोनों का पता नहीं लग पाया है। गृह के प्रकाश कुमार ने मंडोर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। फोटो के आधार पर पुलिस दोनों की तलाश के प्रयास कर रही है। उप निरीक्षक दौलाराम को जांच सौंपी गई है।
पाली-सीकर से भर्ती कराया गया था दोनों को
गृह के मैनेजर जगदीश चौधरी ने बताया कि गायब होने वाली दोनों लड़कियां बोलने में सक्षम (मूक-बधिर) हैं। एक बालिका वर्ष 2022 और दूसरी बालिका छह माह से गृह में भर्ती थी। एक बालिका पाली और दूसरी सीकर में मिली थी, जहां अकेली घूमती पाई जाने पर पुलिस ने दोनों को मानसिक विमंदित गृह लाया गया था।
गृह में155 में से 67 बालिकाएं
मानसिक विमंदित गृह में युवक व युवतियां अलग अलग वार्ड में रहते हैं। वर्तमान में 155 जने भर्ती है। इनमें से 67 लड़कियां हैं।
काउंसलिंग में भी घरवालों का पता नहीं लगा
गृह के मैनेजर जगदीश चौधरी ने बताया कि पुलिस की ओर से दोनों लड़कियों को गृह में लाने के बाद नामकरण किया गया था। इनकी काउंसलिंग भी करवाई गई थी, लेकिन मूक-बधिर होने से घरवालों का पता नहीं बता पाई। दिमागी रूप से कुछ स्वस्थ होने से सीढ़ियों का ताला तोड़कर छत से उतरकर भाग निकली। गृह के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन दोनों लड़कियां कैमरे से बचकर निकल गईं।