जोधपुर . जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय सिंडीकेट सदस्यों फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई और बिलाड़ा विधायक अर्जुनलाल गर्ग ने यहां सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को विवि में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता को लेकर शिकायत की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला कलक्टर रविकुमार सुरपुर को विवि कुलपति से बात करने को कहा। जिला कलक्टर ने कुलपति डॉ. आरपी सिंह को फोन पर बात की।
जानकारी के मुताबिक कुलपति सिंह ने राजभवन के आदेश का हवाला देते हुए सिंडीकेट बैठक टालने से इनकार कर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों विधायकों को सिंडीकेट बैठक में जाने के निर्देश दिए। तब तक बैठक शुरू हो चुकी थी। दोनों विधायक आनन-फानन में विवि केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। बैठक में दोनों विधायकों को छोड़कर सभी कुलपति के पक्ष में बोल रहे थे। कुलपति ने बैठक में भूगोल और संगीत विषय की शिक्षक भर्ती के लिफाफे खोल दिए। भूगोल में दो और संगीत में चार शिक्षकों को नियुक्ति की हरी झंडी दे दी।
हालांकि फोन पर क्या वार्ता हुई इस बारे में जिला कलक्टर से बात करने पर उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। उधर, कुलपति से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके मोबाइल नम्बर स्विच ऑफ थे।
गौरतलब है कि कुलपति ने मुख्यमंत्री की जोधपुर यात्रा को देखते हुए एक दिन पहले ही शनिवार सुबह 11 बजे होने वाली बैठक का समय दोपहर 3.30 कर दिया था।
कलक्टर ने कुलपति को फोन किया
हम मुख्यमंत्री के साथ सर्किट हाउस में व्यस्त थे और पार्टी संबंधी वार्ता कर रहे थे। विवि में शिक्षक भर्ती की अनियमितताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री के कहने पर कलक्टर ने कुलपति को सिंडीकेट बैठक आगे खिसकाने के लिए फोन किया। बाद में उनके निर्देश पर हम बैठक में पहुंच गए।
पब्बाराम विश्नोई और अर्जुनलाल गर्ग, फलोदी व बिलाड़ा विधायक