
hardcore Kailash Manju
मोबाइल व्यवसायी वासुदेव इसरानी की गोली मार कर हत्या करने की जांच कर रही पुलिस ने फायरिंग प्रकरणों के अधिकतर आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन कैलाश मांजू व काली शूटर अब भी पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। इनकी तलाश में पुलिस तीन राज्यों में दबिश दे चुकी है, लेकिन ये लगातार पुलिस को चकमा दे रहे हैं। इधर, जोधपुर कमिश्नरेट के चार थानों की पुलिस इन प्रकरणों के विभिन्न आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
वारदातों की परतें खुलने लगीं
सरदारपुरा थाना पुलिस के अनुसार प्रकरण में लोहावट थानांतर्गत भीमसागर गांव निवासी भोमाराम विश्नोई, पंजाब के मोगा निवासी अमनप्रीत उर्फ पटवारी उर्फ अमना व खिमांशु रिमाण्ड पर है। उनसे पूछताछ जारी है। तीनों को दो नवम्बर को न्यायालय में पेश किया जाएगा। शास्त्रीनगर थाना पुलिस के अनुसार अनमोल को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इधर, सदर बाजार थाने में रिमाण्ड पर चल रहे आरोपी उदित सोनी का रिमाण्ड बढ़ाया गया है। उससे पूछताछ जारी है। इन थानों में रिमाण्ड पर चल रहे आरोपियों से पूछताछ में शहर में हुई फायरिंग की वारदातों की परतें खुलने लगी हैं।
मांजू के घर से नेपाल तक निगाहें
पुलिस की मानें तो कैलाश मांजू व काली शूटर को तलाश करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने अपना मुखबिर तंत्र अलर्ट कर रखा है। मांजू के लिए उसके घर, पंजाब, हरियाणा व नेपाल में उसके ठिकानों पर पुलिस की नजर है। साथ ही काली शूटर की तलाश में भी पुलिस ने अपना जाल बिछा रखा है। इन दोनों आरोपियों के हाथ लगने के बाद कई राज खुल सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मांजू ने पुलिस पर भी कई आरोप लगाए थे।
ज्वैलर के नम्बर हरेंद्र तक पहुंचाने वाला जेल में
उधर दूसरी ओर भीतरी शहर के हाथीराम का ओडा में ज्वैलर को पचास लाख रुपए की रंगदारी के लिए व्हॉट्सअप कॉल करने के मामले में गिरफ्तार युवक को सदर बाजार थाना पुलिस ने शनिवार को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया। वहीं, एक बाल अपचारी को किशोर गृह भेजा गया है।
थानाधिकारी गजेन्द्रसिंह ने बताया कि प्रकरण में कागा रोड पर राम मोहल्ला निवासी वैभव कच्छवाह को गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के बाद एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया। बाल अपचारी भी ज्वैलर के मोबाइल नम्बर जुटाने के मामले में शामिल रहा था। वैभव को मजिस्ट्रेट के समक्ष और बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे वैभव को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए गए। जबकि बाल अपचारी को किशोर गृह भेज गया।
गौरतलब है कि भोमाराम व हरेन्द्र से पूछताछ के बाद नई सड़क पर हनुमान भाखरी निवासी खिमांशु गहलोत को नागौर से पकड़ा गया था। उससे पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि गत 7 सितम्बर को ज्वैलर मुकेश सोनी को धमकी भरा व्हाट्सअप कॉल कर पचास लाख रुपए के लिए धमकाने में ममेरे भाई वैभव की भूमिका भी थी। जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। मामले में अब तक करीब दर्जन भर से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Published on:
31 Oct 2017 11:15 am
