
लोहावट। लोहावट जाटावास कस्बे के कई मोहल्लों में पिछले करीब आठ माह से लडख़ड़ाई जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर सोमवार सुबह महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और क्षेत्र की महिलाएं एकत्रित होकर लोहावट में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय पहुंचकर जलदाय विभाग के जेईएन सुशांत रंजन के समक्ष रोष जताया। महिलाओं ने कहा कि आठ माह से मोहल्लों में पानी नहीं आ रहा है, गर्मी के मौसम में यह परेशानी कोढ़ में खाज बन गई है।
यह भी पढ़ें- एक साल में जनता से वसूल लिया 14.5 करोड़ का ग्रीन टैक्स, लेकिन प्रकृति को ही दे रहे 'धोखा', जानिए कैसे
महिलाओं ने कहा कि पानी की समस्या के चलते गर्मी की छुट्टियों में बेटियां फोन कर पूछती है कि घर में पानी आ रहा है या नहीं...और जवाब में नहीं कहने पर वह पीहर आना कैंसिल कर रही हैॆ। जलापूर्ति नहीं होने पर छह सौ रुपए में पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहें है। जब तक आप मौके पर नहीं चलेंगे तब तक हम सभी यहीं पर धरना देंगे। महिलाओं की समस्या सुनकर जेईएन तुरंत मौके के लिए रवाना हुए।
‘दो दिन में जलापूर्ति व्यवस्था कर दी जाएगी सुचारु’
महिलाओं की शिकायत के बाद जेईएन सुशांत रंजन ने जाटावास कस्बे में मोहल्लों में पहुंचकर मौका देखा। जेइएन ने बताया कि पाइपलाइन को चेक किया गया है जो करीब 30 साल पहले बिछी हुई है। पाइपलाइन 50 मीटर चोक हो जाने के कारण सप्लाई बंद है। चोक हुई लाइन के स्थान पर नई लाइन बिछाकर दो दिन में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु कर दिया जाएगा।
Published on:
13 Jun 2023 12:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
