
मंडोर उद्यान में बारिश के बाद ली गई तस्वीर।
सूर्यनगरी में रविवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और दिनभर की गर्मी के बाद तेज धूलभरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को राहत दी। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और सूरज-बादलों के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा, जिससे तेज धूप का असर कम रहा।
दोपहर में तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, लेकिन हवा में नमी और बादलों की मौजूदगी के कारण गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ। शाम होते-होते पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं, जिससे शहर में धूलभरी आंधी का माहौल बन गया। आंधी के कारण कुछ देर के लिए घरों और सड़कों पर धूल छा गई, लेकिन इसके तुरंत बाद हल्की बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया।
बूंदाबांदी के चलते शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी जमा हो गया और वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम सुहावना होते ही शहरवासी घरों से बाहर निकल पड़े। रविवार की छुट्टी और बदले मौसम के चलते पर्यटन स्थलों पर भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली और लोगों ने खुले मौसम का आनंद लिया। जोधपुर जिले के बेलवा, बस्तवा, जिनजिनयाला, बिराई, बेलवा, गोपालसर समेत आसपास के गांवों में बरसात के साथ ओले गिरने के समाचार हैं। वहीं फलोदी जिले के लोहावट, सेतरावा, बुड़किया, आसरलाई, खिंयासरिया व जैतसर क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुआ है, जिसका प्रभाव सोमवार तक समाप्त होने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी रही।
Updated on:
22 Mar 2026 08:07 pm
Published on:
22 Mar 2026 08:07 pm
