
जोधपुर. थार प्रदेश के कई इलाकों में रविवार दोपहर बाद तेज धूल भरी हवा के साथ बूंदाबांदी व ओलो की बरसात हुई। धूल व बादलों की आवाजाही से दिन में ही अंधेरे जैसा मौसम हो गया और वाहन चालकों को हैडलाइटें लगानी पड़ी। इस दौरान हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने से घर और इमारतें धूल से भर गए। जोधपुर के कुछ गांवों में हल्के अंधड़ के साथ ओले भी गिरे, जिससे किसानों की जीरा, रायड़ा व इसबगोल फसल को नुकसान होने की आशंका है। हवा में नमी बढऩे से शाम को गर्मी से कुछ राहत रही लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए हीट वेव का पूर्वानुमान बरकरार रखा है।
सूर्य नगरी में रविवार को न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक था। सुबह से ही गर्मी ने शहर को अपने आगोश में लेना शुरू कर दिया। दिन चढऩे के साथ तेज हवा चलने लगी। दोपहर में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शाम पांच बजे बाद मौसम ने पलटी खानी शुरू की और तेज धूल भरी हवा चलने लगी। बादलों की आवाजाही के साथ करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ हवा चल रही थी। इससे गर्मी से त्रस्त शहर को कुछ राहत मिली। जिले के भावी सहित आस-पास के गांव में बरसात के साथ ओले भी गिरे। पुनासर, पुनासर खुर्द, विश्वकर्मानगर, जैवासर, मुकनासर व पीथासर गांव में आधे घण्टे तक बारिश के बाद ओलो की बरसात हुई।
प्रदेश के नागौर, सीकर, चूरू, झुंझनूं में आंधी आई। इसके बाद बारिश व ओले भी गिरे।