जोधपुर. लौटता हुआ मानसून मारवाड़ की कुछ हिस्सों में बरस रहा है। जोधपुर में शुक्रवार को मानसूनी हवा और पश्चिमी हवाएं टकराने से घंटे भर तक बारिश हुई। कभी तेज तो कभी मध्यम गति से बरसात होती रही। इस दौरान बीच-बीच में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा पहुंच गई। बरसात सीमित क्षेत्र में हुई। इससे कई जगह पानी भर गया। कलक्ट्रेट में 3.5 मिलीमीटर बारिश मापी गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के समस्त हिस्सों से मानसून के पीछे हटने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही है। पश्चिमी हवाएं लगातार आगे बढ़ने से अब मानसूनी हवा कमजोर पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने अभी तक केवल जैसलमेर जिले और बाड़मेर व जोधपुर के पश्चिमी हिस्से से ही मानसून को विदा किया है। आने वाले एक-दो दिन में शेष राजस्थान से भी मानसून की विदाई हो सकती है।
सूर्यनगरी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री और अधिकतम 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी होने की वजह से दिन में उमस भरा मौसम रहा। दोपहर बाद आसमान में बदल घिर आए और कुछ ही देर में अचानक से तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश कभी धीमी तो कभी तेज होती गई। इस दौरान शहर में भी बरसात का वितरण असमान रहा। मंडोर और बासनी क्षेत्र की तरफ जहां बहुत कम बरसात हुई वहीं रातानाडा, सरदारपुरा, शास्त्री नगर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सहित आसपास के इलाकों में अच्छी खासी बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया।
पश्चिमी हवा आगे बढ़ रही इसलिए समान बारिश
दरअसल जो परिस्थितिलां मानसून के प्रवेश के समय बनती है वही परिस्थितियां मानसून की विदाई के समय भी बनती है। पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एंटी साइक्लोन बनने से पश्चिमी हवाएं आगे बढ़ रही है और मानसूनी हवा पीछे हट रही है। इस कारण बहुत बड़े क्षेत्र में बरसात होने की बजाय सीमित क्षेत्र में बादलों की गर्जना से बरसात हो रही है। इस दौरान बादलों की ऊंचाई भी बढ़ जाती है।