बासनी(जोधपुर).
सूर्यनगरी की महिलाओं के लिए रविवार का दिन खास रहा। महिलाओं को सजधज कर अपनी प्रतिभा दिखाने का खूब मौका मिला और न केवल दर्शक महिलाओं की प्रशंसा बटोरी बल्कि कई खिताब भी जीते। मिस फाग का खिताब पूर्णिमा सिंह एवं मिसेज फाग का खिताब सोनिया सावलानी के नाम रहा। दोनों विजेता को अतिथियों ने ताज पहनाया।
24 न्यूज चैनल की ओर से सिद्धार्थ इंटरनेशनल होटल में आयोजित ब्ल्यू सिटी फाग महोत्सव कार्यक्रम में महिलाओं ने फाग गीतों पर जमकर कदम थिरकाएं। विभिन्न महिला मंडलों ने फाग गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शक महिलाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। बतौर अतिथि कार्यक्रम में भाग लेने आई सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास ने भी फाग गीत गाए और महिलाओं का मनोरंजन किया। इस मौके पर फूलों की होली खेली गई। फाग प्रस्तुति देने वाली मंडलियों और दर्शक महिलाओं पर विभिन पुष्प बरसाए गए। मिस फाग प्रतियोगिता में फस्र्ट रनर अप यशोदा राजपुरोहित व सैकण्ड रनर अप पवन राठौड़ रही।
इसी प्रकार से मिसेज फाग प्रतियोगिता में फस्र्ट रनर अप मधु शर्मा व सैकण्ड रनर अप किरण वर्मा रही। कार्यक्रम में आकर्षक प्रस्तुतियां देने पर विभिन्न केटेगिरी में अन्य पुरस्कार भी दिए गए। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास, एसीपी स्वाती शर्मा, सीमा हिंगोनिया, समाजसेविका पूर्णिमा काबरा व रामेश्वरी भूतड़ा मौजूद रही। महोत्सव का संचालन एंकर शिल्पा नेगी ने किया।