
Symbolic Image
कन्नौज : कन्नौज में एक युवती का विवाह उसकी बहन की मौत के बाद हुआ। युवती के घर वालों ने दामाद से ही बेटी की शादी करवा दी। सरल शब्दों में कहें तो युवती का जीजा ही उसका पति बन गया। शादी के बाद कुछ दिनों तक तो सब ठीक-ठाक चला लेकिन उसके बाद जीजा बना पति उस पर अत्याचार करने लगा। युवती ने जब पुलिस से इस मामले में मदद लेनी चाही तो उसे वहां से भगा दिया गया। इसके बाद युवती ने एक वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। आइए जानते हैं अब
वायरल वीडियो में सोनम फूट-फूट कर रोते हुए अपनी आपबीती सुना रही है। उसका कहना है कि उसकी बहन की मौत के बाद, उसने अपने जीजा अखिलेश से शादी कर ली थी। शादी को चार साल हो चुके हैं और उनके दो बच्चे हैं- एक खुद का और एक उसकी दिवंगत बहन का बेटा। लेकिन, जिस शख्स पर उसने भरोसा कर नया जीवन शुरू किया, अब वही उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। सोनम का आरोप है कि उसका पति अखिलेश उसे अक्सर मारता-पीटता है, घर से निकाल दिया है और खर्चा भी नहीं देता।
सोनम ने अपने पति की सास पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि सास उसे जान से मारने के लिए उकसाती है और अखिलेश को दूसरी शादी करने के लिए कहती है। पीड़िता ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उसके पति अखिलेश ने ही उसकी बहन को कथित तौर पर थप्पड़ मारा था, जिससे आहत होकर उसकी बहन ने फांसी लगा ली थी। यह आरोप मामले को और भी संगीन बना देता है।
सोनम की शिकायत है कि जब उसने प्रेमपुर पुलिस चौकी में इस मामले की शिकायत की, तो पुलिसकर्मियों ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे ही डांट-फटकार कर भगा दिया। पीड़िता ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि पुलिस ने 'दूसरी पार्टी से पैसे लेकर' कोई कार्रवाई नहीं की।
इस मुश्किल घड़ी में सोनम अकेली पड़ गई है। उसका कहना है कि न तो ससुराल वाले उसका साथ दे रहे हैं और न ही मायके वाले। मायके पक्ष ने भी उससे पल्ला झाड़ लिया है और कहा है कि उसे अखिलेश के साथ ही रहना होगा।
जैसे ही सोनम की पीड़ा का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर वायरल हुआ, मामला एडीजी जोन कानपुर और डीआईजी रेंज कानपुर तक पहुंच गया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कन्नौज पुलिस को इस मामले में तुरंत जांच करने और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद, कन्नौज पुलिस ने छिबरामऊ पुलिस को मामले की गहराई से जांच करने के लिए निर्देशित किया है। अब देखना यह होगा कि क्या सोनम को न्याय मिल पाता है और इन गंभीर आरोपों की सच्चाई सामने आ पाती है।
Updated on:
28 Jul 2025 05:46 pm
Published on:
28 Jul 2025 05:46 pm
