
नए डीएम के तेवर देख कर्मचारियों को आया पसीना, हिदायत देकर सुधरने की कही बात
कन्नौज. कन्नौज में नए आगंतुक जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने जिले में औचक निरीक्षण किया। जिसमे उन्होंने जिला अस्पताल और सरकारी धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण कर हकीकत देखी। जहां जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर के नदारद मिलने व गंदगी पर जवाब तलब किया है। वहीं सरकारी धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण करते वक्त जिलाधिकारी को कई गड़बड़ी मिलने से उनका पारा चढ़ गया। उप मंडी सचिव को फटकार लगाई। एफसीआई केंद्र पर ताला लगा मिला तो प्रभारी से जवाब तलब किया गया है।
अस्पताल का किया निरीक्षण
कन्नौज के डीएम रवींद्र कुमार सबसे पहले जिला अस्पताल के आकस्मिक कक्ष के साथ वार्ड-तीन में गए और वहां भर्ती मरीजों से पूछताछ की जिसमें एक मरीज ने बताया कि उसकी बेटी को ब्लड की जरूरत है। इस पर उन्होंने तत्काल संबंधित अफसर को हिदायत दी। वार्ड में भर्ती अन्य मरीज अजरा बेगम, बलवंत सिंह, राजदा बेगम से इलाज व समय से दवा मिलने की जानकारी ली। इसके बाद वह नवजात शिशु वार्ड पहुंचे। यहां गंदगी के साथ बिजली का कोई इंतजाम न देख नाराजगी व्यक्त की। साथ में शौचालय समेत कक्ष को साफ करने के आदेश दिए।
समय से हो मेंटीनेंस
डीएम ने जिला अस्पताल में मेंटीनेंस समय से होने की बात कही। महिला प्रसव कक्ष में भर्ती महिलाओं से पूछताछ की। महिलाओं ने बताया कि चिकित्सक नहीं आई हैं। इस पर कार्यवाहक सीएमएस डॉ. यूसी चतुर्वेदी से पूछताछ की तो उन्होंने चिकित्सकों की कमी बताई। डीएम ने इस पर नाराजगी जताई और महिला चिकित्सक की 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
जिम्मेदार पर होगी कार्रवाई
डीएम के पूछने पर अस्पताल में चार बाल रोग विशेषज्ञ होने का हवाला दिया गया। लापरवाही पर कार्यवाहक सीएमएस समेत महिला चिकित्सक के गायब होने पर जवाब तलब किया। अधीनस्थों से दो टूक कहा कि एक सप्ताह में व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो जिम्मेदार पर कार्रवाई तय है। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आर चंद्रा, डॉ. लालचंद्र शर्मा, डॉ. वीके शुक्ला समेत अन्य मौजूद रहे।
धान खरीद केंद्रों पर गड़बड़ी देख चढ़ा पारा
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कस्बे की मंडी समिति स्थित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां खामियां मिलने पर नाराजगी जताई। खरीद का लक्ष्य 10 हजार क्विंटल में महज छह हजार क्विंटल खरीद मिलने पर नाराज हुए। खरीद धीमी होने पर कर्मियों को फटकार लगाई। बताया कि जल्द लक्ष्य पूरा करें। किसानों को समय से भुगतान करें। इसके साथ उप मंडी सचिव एके कटियार को प्रतिदिन व्यापारियों के साथ धान की नीलामी न कराने पर फटकार लगाई। मंडी में व्यापारियों व किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने की हिदायत दी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी धर्मपाल सिंह, खाद्य विपणन अधिकारी सामरेंद्र प्रताप सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Published on:
26 Dec 2017 12:28 pm

बड़ी खबरें
View Allकन्नौज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
