कन्नौज. पिछले चार दिनों से लिफ्ट देकर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़ित महिलाओं के मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। इससे पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पुलिस के सामने सारी सच्चाई सामने आ गयी। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जो महिलाएं तीन युवकों पर बलात्कार का आरोप लगा रही थी उन्हीं महिलाओं ने अपने पति को फसता हुआ देख एक झूठा षड्यंत्र रचकर चलती गाड़ी में बलात्कार का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने जब तलाश की तो उनकी गिरफ्त में आये आरोपियों ने ऐसी सच्चाई उजागर की कि पुलिस के कान खड़े हो गये। पुलिस ने दोनों महिलाओं से जब कड़ाई से पूछताछ की तो मामला साफ हो गया।
जानिए पूरा मामला-
पुलिस की माने तो दोनों ही महिलाओं ने अपने मिलने वाले दो युवकों सहित तीन लोगों पर झूठा बलात्कार का आरोप लगाया था। इस मामले ने जब तूल पकड़ा तो पुलिस को भी आरोपियों की तलाश में जुटना पड़ा, हालांकि इस मामले ने पुलिस को शक के घेरे में उस समय डाल दिया जब इन महिलाओं ने खुद ही मेडिकल परीक्षण करवाये जाने की बात कही। पुलिस ने इसी बात को लेकर आरोपियों की कॉल डिटेल निकलवाई तो दोनों ही आरोपी उस समय अपने-अपने घर पर पाये गये थे। इससे यह साफ हो गया कि यह महिलाएं दोनों ही मनगढत कहानी बनाकर आरोपियों को फंसाना चाहती हैं।
महिला पुलिस ने जब इन महिलाओं के साथ कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ही महिलाओं ने सच बता दिया। उन्होंने कहा कि उनके पति हरिशचन्द्र, जो उ0प्र0 पुलिस में आरक्षी के पद एस0डी0आर0एफ0 लखनऊ में तैनात हैं, के खिलाफ परमेश्वर की बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अन्जाम दिये जाने का मामला दर्ज है। इसी मामले में सुलह समझौता करने के लिए इन दोनों महिलाओं ने यह साजिश रची थी।
इसी मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दोनों महिलाओं को न्यायालय में भेज दिया है। तो वहीं इन दोनों महिलाओं में मुख्य आरोपी महिला के पति हरिश्चंद्र की भी पुलिस तलाश कर रही है, हांलांकि मामला प्रकाश में आने के बाद विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
महिलाओं ने पहले लगाया था ये आरोप-
आपको बता दे कि दोनों महिलाओं ने पूर्व में बताया था कि हरदोई के थाना माधवगंज अंतर्गत अटावा-कुरशत निवासी नितिन तिवारी व परमेश्वर कार लेकर गुजरे थे। पहले से परिचित होने के कारण परमेश्वर ने कार रोककर पास बुलाया और घर छोड़ने का झांसा दिया। उनके झांसे में आकर वह कार में बैठ गईं। इसके बाद कार सवारों ने दो और महिलाओं को बैठा लिया। रास्ते में उन्हें उतारने के बाद दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर धमकी देकर उनसे दुष्कर्म किया।