
एटीएम से रुपये निकालने वालों के लिए जरूरी खबर, नए साल से यह नियम लागू, ये रही पूरी जानकारी
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
कानपुर. रुपए की जरूरत पर एटीएम से रुपए निकालने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। अब नए साल से एटीएम से रुपए निकालने पर नए नियम का पालन करना होगा। दरअसल बैंकों ने बढ़ते खर्च का हवाला देते हुए एटीएम से लेनदेन महंगा करने की घोषणा की है। नए नियम के अनुसार एक जनवरी से दूसरे बैंक के एटीएम से मुफ्त ट्रांजेक्शन के बाद 21 रुपये प्रति ट्रांजेक्शन लगेगा। यहां तक कि अगर आपने एटीएम पहुंचकर सिर्फ बैंकिंग की जानकारी भी ली तब भी 6 रुपए लगेंगे।
बताया गया कि इसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने बैंकों को शुल्क बढ़ाने की छूट दे दी है। हालांकि रिजर्व बैंक ने जून में ही बैंकों को छूट दी थी कि एक जनवरी 2022 से मुफ्त सीमा से ज्यादा इस्तेमाल करने पर शुल्क बढ़ा सकते हैं। वहीं बैंकों ने अपनी सुविधानुसार इसे नए साल से लागू करने का फैसला किया है। बताया गया कि अब नए साल से मुफ्त निकासी और अन्य सेवाओं की तय सीमा से ज्यादा लेन-देन करने पर प्रति लेन-देन 21 रुपये देने होंगे।
अभी ये शुल्क 20 रुपए है। नया शुल्क तब लागू होगा, जब ग्राहक एटीएम से हर महीने तीन या पांच मुफ्त लेन-देन की सीमा पार करेंगे। अभी मेट्रो शहरों में महीने में तीन और अन्य शहरों में पांच लेनदेन मुफ्त हैं। इसी के साथ इंटरचेंज फीस 15 रुपये से बढ़ाकर 17 रुपये और केवल पूछताछ की फीस 5 रुपये से बढ़कर 6 रुपए हो जाएगी। हालांकि बैंको के इस नए नियम के जनवरी से लागू होने के बाद से लोगों को समस्याओं का सामना करना पडेगा।
Published on:
5 Dec 2021, 10:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.