
शादी के कार्ड पर की ऐसी एक खास मांग, पढक़र खुश हो जाते मेहमान
कानपुर। शादी के कार्ड पर आपने बालहट या विशेष तरीके से आमंत्रण तो छपा जरूर देखा होगा, लेकिन ऐसा शादी का कार्ड जिसमें आपको बुलाने वाला आपसे खुद को सुरक्षित रखने की अपील कर रहा हो, ऐसा पहली बार देखा गया। एक अनोखी पहल करते हुए कार्ड भेजने वाले ने अपने सभी मेहमानों से अपील करते हुए कार्ड पर लिखा है कि स्वागत स्थल पर बिना हेलमेट व सीट बेल्ट प्रवेश वर्जित है। इस तरह से उसने अपने रिश्तेदारों और इष्ट-मित्रों की सुरक्षा और अकारण परेशान न होने का ख्याल करते हुए अपील की है।
कार्ड के कवर पर ही छपा है यह आग्रह
शहर के कैंट में शांतिनगर इलाके के निवासी लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त अरुण कुमार और कल्पना वाजपेयी की लाडली बेटी ऋचा की शादी शहर के ही ऋषभ से होनी है। पांच दिसंबर को होने वाले इस विवाह के लिए कार्ड बांटे जा रहे हैं। वर-वधू पक्ष ने स्नेह निमंत्रण के रूप में बांटे जाने वाले शादी के कार्ड में कवर पर ही विशेष आग्रह के रूप में ट्रैफिक नियमों के पालन करने की अपील लिखाई है। जिसे पढक़र हर रिश्तेदार खुश हो जाता है कि उसे उनकी चिंता है कि वे सुरक्षित रहें।
अपनी सुरक्षा अपने हाथ
सडक़ पर चलने वाले वाहन चालकों और सवारों की सुरक्षा के लिए सरकार भी यातायात नियमों के पालन पर जोर देती है। भावी वधू के पिता भी इसी में सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना नैतिक कर्तव्य होना चाहिए। इसे कानून नहीं मानना चाहिए बल्कि यह माने कि यह हमारी लंबी जिंदगी का नुस्खा है। ये नियम लोगों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी हैं। यूं भी कैंट एरिया में हेल्मेट और सीट बेल्ट सहित अन्य ट्रैफिक नियमों का पालन करना अनिवार्य है। ऐसे में विवाह में आने वाले मेहमानों को यातायात नियमों के उल्लंघन की वजह से कोई परेशानी न हो हो, इसलिए निमंत्रण पत्र पर इस संदेश को प्रमुखता से दिया गया है।
Published on:
06 Nov 2019 12:01 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
