1 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: आईपीएल देखने निकले कोचिंग संचालक की संदिग्ध मौत, कोचिंग में मिला शव

Kanpur murder mystery:कानपुर के नवाबगंज क्षेत्र में कोचिंग संचालक प्रकाश चंद्र गुप्ता का शव संदिग्ध हालात में मिला। माथे पर चोट के निशान हैं । पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

2 min read
Google source verification
Suspicious Death, Murder Mystery

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस - फोटो- वीडियो ग्रैब

कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर इलाके में सोमवार तड़के कोचिंग संस्थान के अंदर संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सुबह जब स्टाफ कोचिंग पहुंचा तो अंदर शव पड़ा देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

मृतक की हुई पहचान

मृतक की पहचान यशोदा नगर के-ब्लॉक निवासी प्रकाश चंद्र गुप्ता (उम्र लगभग 45 से 47 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह रविवार रात यह कहकर घर से निकले थे कि वह आईपीएल मैच देखने के बाद कोचिंग में ही रुक जाएंगे। लेकिन सोमवार सुबह उनका शव कोचिंग संस्थान के अंदर मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

चेहरे पर चोट का निशान

पुलिस जांच में मृतक के एक आंख के ऊपर चोट का निशान पाया गया है। हालांकि शरीर पर कोई अन्य गंभीर बाहरी चोट नहीं मिली है। आसपास के लोगों और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।

नकदी और सामान सुरक्षित

मौके से मृतक का पर्स, वाहन और लगभग 15 हजार रुपये नकद सुरक्षित बरामद हुए हैं। सामान सुरक्षित मिलने के कारण लूटपाट की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी सबूतों को सुरक्षित रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस जांच में जुटी, तीन टीमों का गठन

पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि थाना नवाबगंज क्षेत्र में कोचिंग संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मृतक के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और निजी जीवन से जुड़ी जानकारियां भी सामने आई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कर्नलगंज के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।