
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। इस मामले ने लोगों को चौंका दिया है, क्योंकि आरोपी ने पूरी साजिश टीवी पर प्रसारित होने वाले क्राइम शो देखकर रची थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटे गए जेवर और नकदी भी बरामद कर ली है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईशु शर्मा उर्फ आर्यन शर्मा निवासी कानपुर देहात के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह नियमित रूप से ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे क्राइम शो देखता था और वहीं से उसने वारदात को अंजाम देने के तरीके सीखे। आरोपी ने कई दिनों तक योजना बनाई और घर का दरवाजा खुलवाने के लिए “छत पर ड्रोन गिरने” का बहाना तैयार किया। उसकी यह चाल काम कर गई और महिला ने दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद वह घर में दाखिल हो गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने घटना से पहले इलाके की रेकी की थी। वह मृतका के घर के सामने स्थित पार्क में क्रिकेट खेलने आता था और गेंद लेने के बहाने कई बार घर के अंदर भी जा चुका था। इसी दौरान उसे पता चला कि घर में केवल बुजुर्ग दंपति रहते हैं और वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है।
घटना 23 अप्रैल की है। केशवपुरम निवासी सेवानिवृत्त प्रवक्ता हरेंद्र सिंह अपनी पत्नी निर्मला सिंह (55) के साथ घर पर थे। दोपहर में पत्नी की तबीयत खराब होने पर हरेंद्र सिंह दवा लेने बाजार गए थे। इसी बीच आरोपी घर में घुसा। जब निर्मला सिंह ने विरोध किया तो आरोपी ने उनका गला घोंटकर हत्या कर दी और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब हरेंद्र सिंह लौटे तो दरवाजा खुला मिला और पत्नी अचेत अवस्था में पड़ी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
कल्याणपुर पुलिस ने सर्विलांस, मुखबिर की सूचना और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की। शुक्रवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से लूटे गए सभी जेवर और नकदी बरामद कर ली गई है।मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
25 Apr 2026 03:01 pm
Published on:
25 Apr 2026 03:00 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
