11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बहू की चीखों से भी नहीं पिघला सनकी ससुर, दहेज के लिए घसीट-घसीटकर पीटा, प्राइवेट पार्ट पर भी हमला

कानपुर के चकेरी क्षेत्र में दहेज विवाद के चलते ससुर द्वारा बहू की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसे घर से सड़क तक घसीटा गया।

2 min read
Google source verification
ससुर ने बहू को सड़क तक घसीटकर पीटा

ससुर ने बहू को सड़क तक घसीटकर पीटा

Kanpur Crime News: कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के आनंद नगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रेलवे से रिटायर्ड ससुर ने अपनी बहू को दहेज की मांग को लेकर घर से सड़क तक घसीट-घसीटकर बेरहमी से पीटा। पीड़िता ने बताया कि वह जान बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन ससुर लगातार मारता रहा। इस मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

पीड़िता का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कह रही है कि ससुराल वाले उसे घर में कैद करके रखे हुए हैं। उन्होंने उसे जान से मारने की प्लानिंग कर रखी है। ससुर ने गालियां दीं, उसके कपड़े फाड़ दिए और प्राइवेट पार्ट पर भी हमला किया। ससुर ने उसके बाल पकड़कर इतनी बुरी तरह पीटा कि शरीर पर कई जगह चोटें आ गईं। इसके बावजूद ससुराल वालों ने उसका कोई इलाज नहीं कराया।

पीड़िता की शिकायत

महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करके अपनी सुरक्षा की मांग की। पीड़िता मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली है। उसकी शादी साल 2020 में कानपुर के आनंद नगर निवासी हिमांशु दुबे से हुई थी। हिमांशु एक जूता कंपनी में आईटी मैनेजर है, जबकि उसके पिता रेलवे में बाबू के पद से रिटायर्ड हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद से ही ससुर, जेठ, जेठानी और सास दहेज को लेकर रोज झगड़ा करते थे। वे 2 बीघा जमीन और 20 लाख रुपये की मांग लगातार कर रहे थे।

मारपीट कैसे हुई?

शुक्रवार 10 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पीड़िता अपने भाई और भाभी के साथ मायके से ससुराल पहुंची। जैसे ही वह घर के अंदर गई, ससुर गुस्से में भड़क उठे। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। पीड़िता की भाभी और पड़ोसियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन ससुर ने उन्हें भी धमकी दी कि कोई बीच में आएगा तो उसे भी नहीं बख्शेंगे। इस दौरान पीड़िता का पति घर पर नहीं था। ससुर ने बहू को जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा, कपड़े फाड़ दिए और प्राइवेट पार्ट पर भी हमला किया। फिर बाल पकड़कर उसे सड़क तक घसीटा। पीड़िता की 5 साल की छोटी बेटी भी है। उसने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसकी हत्या की साजिश रच रहे हैं।

पति का पक्ष

पीड़िता के पति हिमांशु दुबे ने बताया कि शादी के चौथे दिन ही कोरोना लॉकडाउन लग गया था। इसके बाद जून-जुलाई में पत्नी ने 15 बार फांसी लगाने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसी डर से उन्होंने तलाक के लिए कोर्ट में अपील की थी। पत्नी तब मायके चली गई थी। 5 साल बाद 10 अप्रैल को वह भाई-भाभी के साथ वापस आई। घर पर केवल पिता अकेले थे। पत्नी ने पिता से कहासुनी शुरू कर दी। पिता ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और मारपीट करने लगी।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने दहेज प्रथा की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। समाज में महिलाओं की सुरक्षा और दहेज मुक्त विवाह की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है।