
कानपुर में लहराया भगवा, सत्यदेव पचौरी के सिर जीत का सेहरा
कानपुर. इंकलाबी धरती पर फिर कमल खिला है। कानपुर में भाजपा प्रत्याशी सत्यदेव पचौरी ने कांग्रेस के बड़े चेहरे श्रीप्रकाश जायसवाल को हरा दिया है। इसके साथ ही कानपुर की दूसरी सीट यानी अकबरपुर में भी भाजपा के देवेंद्र सिंह भोले को लगातार दूसरी बार जीत नसीब हुई है। कानपुर में कुछ मतों की गिनती शेष है, लेकिन जीत का अंतर काफी होने के बाद कांग्रेस ने मतगणना स्थल छोड़ दिया है। कानपुर में सत्यदेव पचौरी को 57 फीसदी वोट के साथ तीन लाख सत्तासी हजार वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल को दो लाख चौवालिस हजार वोट मिले हैं। अकबरपुर सीट पर निवर्तमान सांसद देवेंद्र सिंह भोले को पांच लाख तेरह हजार वोट मिले हैं, जोकि कुल मतदान का 58 फीसदी है। निकटतम प्रत्याशी महागठबंधन की निशा सचान को दो लाख बासठ हजार वोट मिले हैं। यहां कांग्रेस के पूर्व सांसद राजाराम को सिर्फ 96 हजार वोट मिले हैं।
पड़ोस की हमीरपुर सीट पर भी भाजपा का परचम लहराया है। यहां पुष्पेंद्र चंदेल चुनाव जीत गए हैं। बुंदेलखंड की बांदा और झांसी सीट के साथ-साथ उरई-जालौन सीट पर क्रमश: आर.के.सिंह पटेल, अनुराग शर्मा और भानुप्रताप वर्मा चुनाव जीत गए हैं। कुल मिलाकर भाजपा ने बुंदेलखंड में विपक्ष का सूपड़ा साफ करते हुए पिछले चुनाव का इतिहास दोहराया है। भाजपा ने फर्रुखाबाद और इटावा सीट पर भी जीत का झंडा बुलंद किया है। कन्नौज में महागठबंधन की प्रत्याशी और सपा के सुल्तान अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव तीस हजार वोटों से पीछे हैं।
उधर अमेठी में आखिरकार स्मृति ईरानी ने कमाल कर दिया। अमेठी के रण में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हार को स्वीकार कर लिया है। अमेठी लोकसभा चुनाव में पहले राउंड से लगातार पिछड़े रहने के बाद देर शाम नई दिल्ली में राहुल गांधी ने हार को स्वीकार करते हुए स्मृति ईरानी को बधाई भेजी है। साथ ही अमेठी की जनता की प्यार के साथ देखभाल करने का आग्रह वाला भावनात्मक संदेश भी भेजा है। खबर लिखे जाने तक अमेठी में स्मृति ईरानी को 265,792 वोट मिले हैं, जबकि राहुल गांधी को 237749 वोट मिले हैं। इस प्रकार राहुल गांधी अपनी प्रतिद्वंद्री स्मृति ईरानी से अठ्ठारस हजार वोट से पीछे थे। उधर, मैनपुरी में यह मेरा आखिरी चुनाव है... ऐसी भावनात्मक अपील भी बेअसर रही। मुलायम सिंह यादव को मैनपुरी में जबरदस्त झटका लगा है। कयास थे कि यूपी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। मोदी सुनामी में मुलायम सिंह यादव अपने मजबूत किले मैनपुरी में बुरी तरह फंस गए हैं। उन्हें भाजपा के प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य से जबरदस्त टक्कर मिली है। पंद्रह राउंड की मतगणना के बाद भी मुलायम सिंह यादव सिर्फ सत्तर हजार की लीड बना पाए हैं। उधर, मुलायम परिवार की बहू डिंपल यादव भी कन्नौज में पीछे हैं। यहां भाजपा के सुब्रत पाठक को तीन लाख पिच्चासी हजार वोट मिले हैं, जबकि डिंपल की झोली में सिर्फ तीन लाख उनसठ हजार वोट आए हैं।
उधर, उन्नाव में भाजपा के साक्षी महाराज फिर जीत गए हैं। उन्नाव में भाजपा उम्मीदवार साक्षी महाराज को तीन लाख से ज्यादा वोटों से जीत मिली है। साक्षी महाराज को छह लाख सोलह हजार नौ ( 6,16,009) वोट मिले, जबकि महागठबंधन के प्रत्याशी अरुण शंकर अन्ना को 2,74,589 तथा कांग्रेस की अनु टंडन को 1,62,080 वोट मिले हैं।
Published on:
23 May 2019 06:40 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
