2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:अवैध किडनी कांड में बड़ी कार्रवाई,दो अस्पतालों के लाइसेंस रद्द, कई और पर लटकी तलवार

Illegal Kidney Transplant Racket Kanpur:अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट उजागर होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अस्पतालों के लाइसेंस निरस्त कर दिए। कई अन्य अस्पताल जांच के दायरे में हैं।

2 min read
Google source verification

कानपुर में अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट के खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। एक दिन पहले मेड लाइफ हॉस्पिटल को सील किए जाने के बाद अब अहूजा हॉस्पिटल और प्रिया हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और शहर के अन्य अस्पताल भी जांच के दायरे में हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई हो सकती है। उधर, पुलिस ने भी शहर के प्रमुख निजी अस्पतालों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कल्याणपुर क्षेत्र के मसवानपुर चौराहे के पास स्थित अहूजा हॉस्पिटल, जिसे डॉक्टर प्रीती आहूजा और डॉक्टर सुरजीत आहूजा संचालित करते हैं, को नोटिस जारी किया गया है। वहीं प्रिया हॉस्पिटल का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। विभाग ने दोनों अस्पतालों को तीन दिन के भीतर परिसर खाली कर सभी उपकरण और अन्य समान हटाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. हरि दत्त नेमी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को पहले नोटिस देकर स्पष्टीकरण का अवसर दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध ट्रांसप्लांट जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जांच के दौरान मेड लाइफ हॉस्पिटल में एक एमबीए छात्र को किडनी डोनर के रूप में और एक मरीज को भर्ती पाया गया था। जब ट्रांसप्लांट से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो अस्पताल प्रशासन कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया। इस बीच, मरीज पारुल तोमर को कल्याणपुर स्थित प्रिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, लेकिन अब उस अस्पताल का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है।

बताते चलें कि रैकेट का खुलासा होने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अहूजा, प्रिया और मेड लाइफ हॉस्पिटल में एक साथ छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान मरीजों को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वही अवैध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट के मामले में डॉक्टर दंपति सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था।