23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News:रील के चक्कर में वर्दी की फजीहत:सिपाही की आपत्तिजनक हरकत, वीडियो वायरल

कानपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही पुलिस उस समय किरकिरी में आ गई, जब ग्वालटोली स्थित परमट आनंदेश्वर मंदिर परिसर के पास एक सिपाही की आपत्तिजनक हरकत का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में गश्त के दौरान एक सिपाही किन्नर के गालों पर चूमता नजर आ रहा है। […]

2 min read
Google source verification

कानपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही पुलिस उस समय किरकिरी में आ गई, जब ग्वालटोली स्थित परमट आनंदेश्वर मंदिर परिसर के पास एक सिपाही की आपत्तिजनक हरकत का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में गश्त के दौरान एक सिपाही किन्नर के गालों पर चूमता नजर आ रहा है। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि Patrika.com नहीं करता है।

भंडारे का था आयोजन -

जानकारी के अनुसार, रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर आनंदेश्वर मंदिर में भंडारे का आयोजन था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी दौरान माथे पर चंदन लगाए एक किन्नर पार्किंग क्षेत्र में चलते हुए इंस्टाग्राम पर रील बना रही थी। तभी पीछे से गश्त करते हुए पहुंचे कई पुलिसकर्मियों में से एक सिपाही अचानक उसके पास आया और गालों पर चूम लिया।यह पूरी घटना मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। किन्नर ने उक्त वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘स्मार्टी कौशल’ से पोस्ट कर दिया और बैकग्राउंड में “छैला बाबू तू कैसा दिलदार निकला” गाना जोड़ दिया। वीडियो पोस्ट होते ही इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में सड़क पर गश्त करते 10 से अधिक पुलिसकर्मी भी साफ दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो हटाने की लगाई गुहार -

वीडियो के वायरल होने के बाद सिपाही की काफी किरकिरी हुई। बताया जा रहा है कि सिपाही ने कमेंट के जरिए खुद को पहचानते हुए किन्नर से वीडियो हटाने की गुहार लगाई। उसने लिखा कि वीडियो के चलते उसे गंभीर परेशानी हो रही है और नौकरी पर भी बात आ गई है। बावजूद इसके किन्नर ने वीडियो डिलीट नहीं किया। बाद में सिपाही ने अपनी सोशल मीडिया आईडी ही डिलीट कर दी।

कराई जा रही है पहचान -

एसीपी कर्नलगंज अमित कुमार चौरसिया ने बताया कि महाशिवरात्रि पर शहर के कई थानों का पुलिस बल ड्यूटी पर लगाया गया था। वायरल वीडियो में दिख रहा सिपाही कर्नलगंज सर्किल में तैनात नहीं है। उसकी पहचान कराई जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

लोगों ने जताई नाराजगी -

इंटरनेट मीडिया पर वायरल इस वीडियो को हजारों लोगों ने देखा और सैकड़ों बार शेयर किया। बड़ी संख्या में यूजर्स ने सिपाही की इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए वर्दी की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया है। लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर सिपाही की पहचान कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।