23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kanpur News: ‘मैं कचहरी जा रहा हूं’, स्टेटस लगाकर निकला था प्रियांशु, फिर 5वीं मंजिल से लगा दी छलांग

Kanpur lawyer suicide:कानपुर में 24 वर्षीय ट्रेनी वकील प्रियांशु श्रीवास्तव ने गुरुवार कोर्ट की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घर में विवाद के बाद उसने सुसाइड नोट WhatsApp स्टेटस पर लगाया था। पिता के साथ वकालत सीख रहा था।

2 min read
Google source verification

अधिवक्ता प्रियांशू

कानपुर, समाज के ताने, करियर का दबाव और 'जीवन में कुछ नहीं कर पा रहा' की हताशा ने एक युवा वकील को मौत चुनने पर मजबूर कर दिया। जिसके चलते बर्रा-8 वरुण विहार के रहने वाले 24 वर्षीय प्रियांशु श्रीवास्तव ने जिला एवं सत्र न्यायालय भवन की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। वही सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।

रोज की तरह काले कोट में आया, सीधे पांचवीं मंजिल पर गया

चश्मदीदों के मुताबिक प्रियांशु रोज की तरह वकीलों की ड्रेस में था - सफेद शर्ट, काला कोट और काली-सफेद धारी वाली पैंट। वह परिसर में दाखिल हुआ, किसी से बात नहीं की और सीधे पांचवीं मंजिल की तरफ चला गया। कुछ ही मिनट बाद जोर की आवाज आई। वह कचहरी के पिछले हिस्से में गिरा, जहां आमतौर पर कोई आता-जाता नहीं है। वहां कूड़े का ढेर है और आने-जाने का रास्ता भी बंद रहता है। ऊंचाई ज्यादा होने की वजह से सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही काफी खून फैल गया। कोर्ट की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और विशेष सुरक्षा बल के जवान तुरंत दौड़े। आनन-फानन में उसे उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

तीन घंटे पहले ही दे दिया था इशारा

इस आत्महत्या की सबसे दर्दनाक बात यह है कि प्रियांशु ने पहले ही सबको बता दिया था। परिजनों ने बताया कि सुबह घर में किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके करीब तीन घंटे पहले उसने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा और उसे अपने WhatsApp स्टेटस पर लगा दिया। नोट में उसने साफ लिखा था कि वह कचहरी जाकर आत्महत्या करने जा रहा है। उसने समाज के दबाव, लगातार मिल रही असफलता और 'कुछ न कर पाने' की ग्लानि का जिक्र किया था। स्टेटस देखते ही पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव और परिवार के लोग उसे ढूंढने निकल पड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

पिता के साथ सीख रहा था वकालत

प्रियांशु ने हाल ही में LLB पास की थी। उसके पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव खुद कानपुर कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं और प्रियांशु उन्हीं के साथ बैठकर वकालत का प्रशिक्षण ले रहा था। जानने वाले बताते हैं कि वह शांत और मेहनती था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से करियर की अनिश्चितता को लेकर अंदर ही अंदर घुट रहा था।वही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल से सुसाइड नोट को रिकवर कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

क्या बोले थाना प्रभारी

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।