अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा पूरा इलाकाजो जैसे था वैसे ही भाग खड़ा हुआ, चार घायल, भर्ती
कानपुर। शहर के सबसे व्यस्त रहने वाला बड़ा चौराहा रात को साढ़े नौ बजे एकाएक सन्नाटा पसर गया। यहां पर पुलिस चौकी के सामने आठ बेखौफ बदमाशों ने तड़ातड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें चार लोग घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस के भी पैर उखड़ गए और उन्हें जान बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों पर छिपना पड़ा। कोई कुछ समझ नहीं पाया था कि फायरिंग कहां से और क्यों हो रही है। कुछ देर तक भगदड़ के बाद सभी बदमाश चले गए। जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, मगर करीब आधे घंटे तक छिपे हुए लोग बाहर नहीं निकले। घायलों को उर्सला ले जाया गया, जहां से दो घायलों की हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें हैलट रेफर करना पड़ा।
शादी में विवाद के बाद हुआ हमला
बदमाशों का निशाना सोने-चांदी के व्यापारी लकी तिवारी थे। बंगाली मोहाल निवासी लकी तिवारी की शिवाला में आर्टीफीशियल ज्वैलरी की दुकान है। उसकी दुकान में काम करने वाले शिवम गुप्ता की 13 फरवरी को शादी थी। रविवार रात शिवम के ग्वालटोली स्थित घर पर दोस्तों की पार्टी थी। इसमें लकी अपने साथी शुभम द्विवेदी उर्फ छोटू पंडित के साथ गया था। यहां किसी बात को लेकर तिवारी घाट के नीरज करिया से उसकी कहासुनी हो गई। बात बिगडऩे पर लोगों ने मामला शांत करा दिया। इसके बाद लकी और छोटू चले गए। शिवम ने फोन कर समझौते के लिए बड़ा चौराहा बुलाया। आरोप है कि जेड स्क्वॉयर पुलिस चौकी के सामने बाइक से लकी और छोटू के पहुंचते ही नीरज के साथ खड़े 8 लोगों ने फायर झोंकने शुरू कर दिए। गोली लगने से लकी व छोटू गिर पड़े।
जेड स्क्वॉयर किया गया बंद
बड़ा चौराहे पर बेखौफ बदमाशों की फायरिंग से चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक सिपाही भाग निकले। जेड स्क्वॉयर पुलिस चौकी से भी कोई नहीं निकला। चौराहे पर भय के चलते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जेड स्क्वॉयर के गार्ड ने गोलियां चलने से गेट भीतर से बंद कर लिया और सभी को रोक दिया गया। चौराहे पर मौजूद पुलिस फोर्स कोतवाली की ओर भागी। चौराहे पर सन्नाटा पसर गया तो कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को उर्सला भेजा गया। सूचना पर एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल, सीओ आरके चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर संजीवकांत मिश्रा समेत कोतवाली सर्किल के सभी थानों की फोर्स पहुंची। काफी देर तक स्थिति समान्य नहीं हो पाई।
हमले की तैयारी से आए थे बदमाश
लोगों ने बताया कि बाइक सवार करीब आठ युवक जेड स्क्वायर पुलिस चौकी के सामने खड़े थे। इसमें कुछ हेलमेट लगाए थे तो कुछ कपड़े से मुंह ढंके हुए थे। कुछ राहगीर की तरह थे। शिवम के बुलावे पर समझौते के लिए बाइक से लकी तिवारी व छोटू पंडित बड़ा चौराहा पहुंचे। दोनों को देखते ही पहले से खड़े युवकों ने तमंचा निकाला और फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज से चौराहे पर भगदड़ मच गई। वाहन सवार भी रेड और ग्रीन सिग्नल देखे बगैर जान बचाकर भागने। ठेले-ठेलिया वाले और जेड स्क्वॉयर से निकल रहे लोग भी जान बचाकर भागे। कई राउंड गोलियां चलने से लकी, छोटू पंडित गिर गए। सडक़ से गुजर रहे दो राहगीरों के पैर में भी छर्रे लग गए।
सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान
हमले के बाद बदमाशों की पहचान के लिए अब सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया जा रहा है। बड़ा चौराहा पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के कैमरे लगे हुए हैं। कोतवाली पुलिस की एक टीम हमले के बाद आईटीएमएस के कंट्रोलरूम पहुंची और वारदात में शामिल आरोपितों की पहचान का प्रयास करती रही। देर रात तक टीम फुटेज की जांच में लगी रही। माना जा रहा है कि वारदात में आईटीएमएस का सीसीटीवी फुटेज आरोपितों को पहचानने में अहम भूमिका निभाएगा।