कानपुर। बार-बार मिल रही दस्तक को अनदेखा करने का नतीजा यह हुआ कि शुक्रवार सुबह रजिस्ट्री दफ्तर में आग लग गई और लपटों की चपेट में आकर सारे दस्तावेज और कंप्यूटर सहित फर्नीचर भी जलकर राख हो गया। यह हादसा उपनिबंधन तृतीय कक्ष में हुआ। गनीमत यह रही कि जिस दौरान आग लगी, तब कक्ष में कोई मौजूद नहीं था, वरना हादसा जानलेवा भी हो सकता था। आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाडिय़ां भी पानी मांग गईं। काफी मुश्किल के बाद जब तक आग पर काबू पाया जा सका, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। बेशकीमती जरूरी दस्तावेज राख के ढेर में तब्दील हो चुके थे।