
नगर निगम ने कूड़ा देने का बनाया नियम, मनमानी की तो ५०० रुपए जुर्माना
कानपुर। नगर निगम ने कूड़ा देने का नया नियम बनाया है। जिसका पालन न करने वाले से ५०० रुपए जुर्माना वसूला जाएगा। नियम न मानने वालों के घर से कूड़ा उठान भी बंद कर दिया जाएगा। एनजीटी के आदेशों का पालन कराने के लिए नगर निगम ने 1 मई से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली 2016 का अनुपालन कराने का आदेश जारी कर दिया है। कूड़ा देने के नियम को लागू करने से पहले अप्रैल को जागरूकता माह के रूप में मनाया जाएगा। इसमें नगर निगम की टीम जगह-जगह जाकर बताएगी कि किस तरह कूड़े को अलग करना है।
पहली मई से २१ वार्डों में शुरुआत
1 मई से नगर निगम की टीम घर-घर जाकर देखेगी कि कूड़े को अलग-अलग किया है या नहीं। एक बार सुधरने की चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद पहली बार 500 रुपए जुर्माना लगेगा। आगे हर गलती पर जुर्माने की रकम बढ़ती चली जाएगी। यानी दूसरी बार 1000 रुपए जुर्माना वसूला जाएगा। फिर भी नहीं माने तो 1500 रुपए देने होंगे। पहली मई से पनकी के कूड़ा निस्तारण प्लांट में शहर से गया सारा कूड़ा निस्तारित होने लगेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि प्लांट में इंटरनल वायरिंग का काम 15 दिन में हो जाएगा। इसके बाद बिजली से प्लांट चलेगा। दिन में फ्रेश कूड़ा निस्तारित होगा और शाम को कई साल से डंप हो रहा कूड़ा। प्लांट में कूड़े का पहाड़ नहीं रह जाएगा।
बंद कर दिया जाएगा कूड़ा उठान
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने नगर निगम मुख्यालय में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया तो उनके घर से कूड़ा ही नहीं उठेगा। उन्होंने कहा कि स्पष्ट निर्देश हैं कि हर परिवार को यह कवायद खुद करनी होगी। कूड़ा उठाने वाली एजेंसी को हर हाल में शुल्क देना होगा। नगर निगम पर भी नियम लागू होगा कि हर हाल में कूड़े का निस्तारण हो जाए। होटल, रेस्टोरेंट, बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
एजेंसी की शिकायत करें
नगर निगम की एजेंसी जेटीएन को हर हाल में घरों से कूड़ा उठाना होगा। इसमें लापरवाही बरतने पर वेतन ही नहीं दिया जाएगा। लोग चाहें तो इसकी शिकायत भी कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 860185555 पर कर सकते हैं या व्हाट्सएप पर मैसेज भेज सकते हैं। मई में 21 वार्डों के लोगों की शिकायतों का निपटारा होगा। नगर आयुक्त ने दावा किया कि नवंबर से शहर में कहीं भी सड़क पर कूड़ा नहीं दिखेगा। डंपिंग ग्राउंड भी मैटेरियल सेंटर बन जाएंगे। यहां कूड़ा बीनने वालों को लगाया जाएगा जो काम की चीज निकाल लेंगे। गीला कूड़ा सीधे प्लांट जाएगा या कंपोस्ट बनाया जाएगा। इससे डंपिंग ग्राउंड में दुर्गंध नहीं फैलेगी।
नवंबर से पूरे शहर में लागू
नगर आयुक्त ने बताया कि पूरी कार्ययोजना अक्तूबर तक के लिए बनी है। एक नवंबर से पूरे शहर में इसी प्रणाली पर काम होगा। मई में शहर के 21 वार्डों से शुरुआत होगी। जून में 20 वार्ड और बढ़ेंगे। जुलाई में 20, अगस्त में 19, सितंबर में 16 और अक्तूबर में 14 वार्ड इसमें शामिल किए जाएंगे। इसके बाद शहर के किसी भी वार्ड में एक भी गली से बिना अलग हुए कूड़ा नहीं लिया जाएगा। संसाधन बढ़ाते हुए 200 नई गाडिय़ां आ रही हैं।
Published on:
08 Apr 2019 12:34 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
