
कानपुर . दोनों का बचपन साथ-साथ गुजरा था। एक ही आंगन में गुड्डा-गुडिय़ा का खेल खेलते-खेलते बड़े हुए तो एक-दूसरे के लिए चाहत बढ़ती गई। जवानी की आहट के साथ ही दोनों के बीच रोमांस पनपने लगा। आंखों में एक दूजे को लेकर तमाम सपने संजोए थे। एक दिन गुड्डे ने अपनी गुडिया के सामने साथ जिंदगी गुजारने का प्रस्ताव रखा तो वह खिलखिला पड़ी। अब सपने सच होने वाले थे, इसलिए समर्पण से गुरेज नहीं था। लिव इन जैसा रिलेशन शुरु हुआ तो अनगिनत अफसाने गढ़ गए। गुजरते वक्त के साथ गुड्डे के जिस्म पर खाकी वर्दी सज गई थी। अब शादी का वादा याद दिलाया तो वह मुकरने लगा। गुडिय़ा के घर वाले कोर्ट-कचेहरी करने को तैयार हुए तो ब्याह रचा लिया। घर में किलकारी गूंजने की नौबत आई तो डाक्टर्स ने हमबिस्तर होने से रोक दिया। ऐसे में खाकी वर्दी वाले शौहर ने अननैचुरल सेक्स के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। बीवी ने इंकार किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके साथ ही वर्दी की धौंस दिखाकर फर्जी मामले में जेल भेजने की धमकी देकर मुंह बंद रखने के लिए धमकाया। औरैया में गुहार अनसुनी हुई तो गर्भवती बीवी ने बीते दिवस कानपुर में आला पुलिस अधिकारियों को पति की हैवानियत की कहानी सुनाकर न्याय मांगा है।
छह बरस तक लिव इन रिलेशन, फिर कतराने लगा
इश्क और फरेब की कहानी की मुख्य पात्र है कानपुर के सजेती इलाके की युवती। दूसरा किरदार है उसका बचपन का दोस्त, जोकि मौजूदा समय में यूपी पुलिस में सिपाही है और औरैया में तैनात है। कहानी यूं तो दोनों के बचपन से शुरू होती है, लेकिन थ्रिल, रोमांस और रोमांच की दास्तां शुरू होती है वर्ष 2009 से। कानपुर में मौसा के घर रहकर नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान गांव के लडक़े से नजदीकी दोस्ती कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गई। एक साथ जिंदगी गुजारने का वादा किया तो हमबिस्तर होने लगे। प्यार-मोहब्बत के छह बरस गुजर गए। इसी दौरान प्रेमी की यूपी पुलिस में बतौर सिपाही नौकरी लग गई। अब शादी का वक्त था, लेकिन दहेज के लालच में वह कतराने लगा। अपना सब कुछ लुटा चुकी युवती ने परिजनों को आपबीती सुनाई तो कोर्ट-कचेहरी की नौबत दिखने लगी। ऐसे में वर्ष 2015 में मजबूरी में ब्याह रचाना पड़ा, लेकिन दुल्हन को ससुराल लेकर जाने के बजाय कानपुर के कल्याणपुर में किराये के घर में पहुंचा दिया।
औरैया में कोई दूसरी, इसलिए साथ रखने से परहेज
कानपुर के एसएसपी से शिकायत करने पहुंची युवती को आशंका है कि औरैया में उसके पति की जिंदगी में किसी और का दखल है, इसलिए वह उसे साथ रहने को तैयार नहीं है। युवती ने एसएसपी अखिलेश मीणा को बताया कि फिलहाल उसके गर्भ में सात माह का बच्चा है। ऐसे में डाक्टर ने सेक्स से परहेज को कहा है। पति को समझाया तो वह जिस्म की जरूरत के लिए अननैचुरल सेक्स के लिए दबाव बनाने लगा। युवती का कहना है कि अप्राकृतिक सेक्स से इंकार करने पर सिपाही पति ने मारपीट करने लगा है। न्याय मांगने के लिए औरैया के पुलिस अधीक्षक कार्यालय गई तो वहां सुनवाई नहीं हुई। इसी दौरान पति को शिकायत की जानकारी हुई तो उसने फर्जी मामले में फंसाकर जेल भेजने की बात कहते हुए फिर मारा-पीटा। फिलहाल कानपुर पुलिस ने 48 घंटे में औरैया पुलिस से मामले की रिपोर्ट तलब करते हुए मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है। एसपी क्राइम राजेश यादव के मुताबिक परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की सुनवाई कर समस्या का निवारण किया जायेगा।
Published on:
10 May 2018 07:04 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
