कानपुर। पूर्व विदेशमंत्री सलमान खुर्शीद के बयान पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पार्टी के अंदर कोई घमासान नहीं है। उनके बयान को मीडिया ने गलत तरीके से पेश किया है। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव लड़ रही है और बहूमत के साथ सरकार भी बनाएगी। कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेत्त्व में पार्टी भाजपा को उखाड़ फेंकेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने यूपी की 11 सीटों के उपचुनाव पर कहा कि पार्टी सभी सीटों पर मजबूती से लड़ रही है और मतगणना के बाद से योगी सरकार के जाने की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगा।
शोएब के परिजनों के साथ पूरी पार्टी
कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष शोएब खान की हत्या के बाद उनके परिवार से मिलने के लिए प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू आज उनके निवासी केडीए काॅलोनी पहुंचे। मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रियंका गांधी का संदेश उनतक पहुंचाया। उन्होंने शोएब के परिजनों को शोक सवेंदना व्यक्त करते हुए कहा कि हमने अपने परिवार के एक सदस्य को खो दिया है। शोएब के परिजनों को न्याय दिलवाने के लिए कांग्रेस पार्टी हर संभव मदद करेगी। न्याय पाने के लिए अगर जरुरत पड़ी तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
अराजकता की भेंट चढ़ा प्रदेश
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सूबा अराजकता की भेंट चढ़ चुका है। बेलगाम अपराधी आमनागरिकों को अपना शिकार बना रहे हैं तो वहीं पुलिस एनकाउंटर के नाम पर निर्दोषों को मार रही है। जब भी जनता य विरोधी दल के नेता इनके खिलाफ आवाज उठाते हैं तो सूबे के मुखिया धांय-धांय की धमकी देते हैं। जनता ऐसी सरकार को 2022 के चुनाव में वोट की चोट के जरिए हटा देगी।
गुंडाराज-भ्रष्टाचार का बोलबाला
उत्तर प्रदेश में आज अराजकता का बोलबाला है। सरकार ने नारा दिया था कि न गुंडा राज न भ्रष्टाचार। यहां जंगलराज है, आज गुंडाराज है। लूट , हत्या, डैकती, बलात्कार से हाहाकार मचा है। उन्नाव पीड़िता कुलदीप सेंगर सेंगर का मामला हो या शाहजहांपुर में बेटी की न्याया का मामला हो कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। कांग्रेस जमीन से जुड़ा दल है और किसान,गरीब, मजूदरों के लिए संघर्ष करती रही है।