
फोन पर आधार लिंक कराना पड़ा महंगा, एकाउंट से निकल गए 3.40 लाख रुपए
कानपुर। सतर्कता व जागरूकता हमेशा और हर जगह जरूरी होती है, इस बात में तो कोई दो राय नहीं है. ये भी सही है कि जिसने इसकी अनदेखी की उसी ने इसका खामियाजा भी उठाया है. इस बारे में एक नया मामला आधार नंबर लिंक करने को लेकर सामने आ रहा है. दरअसल आधार नंबर लिंक करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की क्लर्क सुमन के खाते से 3.40 लाख रुपये पार कर दिए. क्या है पूरा मामला, आइए जानें.
प्राप्त हुई जानकारी
ऐसा आरोप लगाया गया है कि ओटीपी बताने के बाद जब ठग ने 1.40 लाख रुपये निकाले तो अगले दिन पीड़िता ने बैंक में जानकारी दी, इसके बाद भी खाते से दो लाख रुपये निकल गए. पीड़िता ने बैंक के अधिकारी, कर्मचारियों व दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है.
ऐसा हुआ मसला
बता दें कि नवाबगंज ख्योरा निवासी श्याम नारायण पासवान बीएनएसडी इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं. उनकी पत्नी सुमन डीआइओएस दफ्तर में क्लर्क हैं. सुमन ने बताया कि कल्याणपुर में एसबीआई की न्यू आजाद नगर शाखा में उनका खाता है. 24 सितंबर की शाम मोबाइल पर एसबीआई कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि खाते को आधार से लिंक करा लो नहीं तो अकाउंट बंद कर दिया जाएगा. वह उसके झांसे में आ गई और आधार नंबर बता दिया, जिसके बाद उनके मोबाइल पर ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आया, जिसे ठग ने पूछ लिया.
बता डाला ओटीपी तक
ओटीपी बताते ही खाते से 1.40 लाख रुपये निकलने का मैसेज आया. अगले दिन उन्होंने बैंक में इसकी जानकारी दी तो कर्मचारियों ने एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया. आरोप है कि इसके बावजूद 25 व 26 तारीख को खाते से दो लाख रुपये फिर निकल गए. उसके बाद थाने में तहरीर दी गई. इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने इस बारे में बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है. साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है.
Updated on:
13 Oct 2018, 8:21 AM IST
Published on:
13 Oct 2018, 8:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.