स्वयं नागरिक द्वारा मूल निवास, जाति, मृत्यु, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं जमाबंदी का भुगतान, नगद, डेबिट, क्रेडिट कार्ड बनेंगे...
करौली/निसूरा.
सूचना प्रौद्योगिक एवं संचार विभाग की ओर से टोडाभीम पंचायत समिति सभागार में ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ लिपिक एवं रोजगार सहायकों को ग्राम पंचायतों के अटल सेवा केंद्र पर स्थापित की गई ई मित्र प्लस सेल्फ सर्विस कियोस्क की सर्विस का प्रशिक्षण दिया गया।
सूचना प्रौद्योगिक एवं संचार विभाग के टोडाभीम ब्लॉक प्रभारी संजय कुमार बैरवा ने बताया कि पंचायतों के अटल सेवा केन्द्रों पर ई मित्र प्लस मशीन स्थापित की जा रही हैं, जिनसे स्वयं नागरिक द्वारा मूल निवास, जाति, मृत्यु, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं जमाबंदी का भुगतान, नगद, डेबिट, क्रेडिट कार्ड द्वारा प्रिंट कर निकाल सकते हैं।
मशीन के द्वारा भामाशाह कार्ड में मोबाइल नंबर जुड़वाना या बदलवाने एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वीडियो क्रांफ्रेसिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण में विकास अधिकारी रश्मि मीना, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी पुखराज मीना, पंचायत प्रसार अधिकारी जयेश अग्रवाल, लेखा अधिकारी रामखिलाड़ी मीना, सुचना सहायक लालजी मीना आदि मौजूद रहे।
परिण्डा अभियान शुरू
निसूरा. गांव के राजकीय आर्दश उच्च माध्यमिक विद्यालय में ईको क्लब की ओर से परिण्डा बांधने का अभियान शुरू किया गया है। अभियान की शुरुआत प्रधानाचार्य अशोक जैन ने परिण्डा बांधकर की। ईको कल्ब प्रभारी गोपाल लाल ने बताया कि गांव के मुख्य स्थान, चामुण्डा माता मंदिर , अटल सेवा केन्द्र आदि स्थानों पर 30 परिण्डे लगाए गए। साथ ही लोगों को परिण्डों में रोज पानी डालने की जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान रघुवीर सिंह, भरतलाल भरतनलाल, श्यामलाल, रूपसिंह आदि मौजूद रहे।
मॉडल तहसील बना हिण्डौन, अन्य तहसीलें भी हों प्रेरित
कलक्टर ने ली बैठक
हिण्डौनसिटी. भू-राजस्व रिकार्ड के शत-प्रतिशत ऑन लाइन होने पर शुक्रवार को जिला कलक्टर अभिमन्यु कुमार ने ऑन लाइन जमाबंदी से जुड़े कर्मचारियो की बैठक ली। साथ ही जमाबंदियों को ऑन लाइन करने के प्रयास को सराहा।
नवीन मीटिंग हॉल में हुई पहली बैठक में कलक्टर ने कहा कि सभी जमाबंदियों के ऑन लाइन होने से हिण्डौन जिले की मॉडल तहसील बन गई है।
अन्य तहसीलों के राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों को भी प्रेरणा लेकर अपनी तहसीलों के राजस्व रिकॉर्ड ऑन लाइन कर रिकॉर्ड को सुगम बनाना चाहिए। इसके बाद कलक्टर के साथ एसडीओ शेरसिंह लुहाडिया, तहसीलदार घनश्याम जोशी के साथ ऑन लाइन जमाबंदी कक्ष निरीक्षण किया।