चारपाई पर सो रहे व्यक्ति की गला रेतकर हत्या अज्ञात जनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, मृतक गुजरात में करता था मजदूरी सपोटरा. ग्राम पंचायत गज्जूपुरा के गांव खावदा में अज्ञात लोगों ने शुक्रवार रात चारपाई पर सो रहे एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक राधेश्याम पाल (५५) पुत्र राजपाल है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे मृतक की पत्नी देवेन्द्र कंवर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहीं थानाधिकारी यशपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान राधेश्याम पाल का शव चारपाई पर पड़ा था। उसका गला रेता हुआ था। आसपास खून भी बिखरा पड़ा था। थानाधिकारी ने बताया कि मामले में मृतक के पुत्र गोविन्द पाल ने अज्ञात लोगों के खिलाफ उसके पिता की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। टीम पहुंची, साक्ष्य जुटाए थानाधिकारी यशपाल सिंह ने घटना के बारे में उच्चाधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, सपोटरा उपअधीक्षक मुरारीलाल मीना भी मौके पर पहुंचे। वहीं एफएसएल टीम के माध्यम से साक्ष्य जुटाए गए। इधर घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक राधेश्याम के दो पुत्र व दो पुत्री है। परिवार की हालत निर्धन है। गुजरात में करता था मजदूरी थानाधिकारी यशपाल सिंह ने बताया की राधेश्याम पाल गुजरात में पत्नी देवेंद्र कंवर के साथ मजदूरी करता था। राधेश्याम के दो पुत्र हैं, जो जयपुर में रहकर मजदूरी करते हैं। राधेश्याम पाल पांच दिन पहले गुजरात से अपने गांव खावदा आया था। रात को उसने परिवार के सदस्यों के साथ पार्टी की थी। मृतक राधेश्याम की पत्नी देवेद्र कुंवर ने बताया कि रात को खाना खाकर सब लोग सो गए। सुबह जब वह पति को जगाने के लिए कमरे में गई, तो वहां वह मृत मिले। उनकी गर्दन कटी हुई थी।