5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हरियाणा में सबसे अमीर हैं यमुनानगर व महेंद्रगढ़ के डीसी

भिवानी,कुरूक्षेत्र व रोहतक के उपायुक्तों के पास नहीं अपना घर, जिलों में तैनात कई आईएएस अधिकारियों ने नहीं दिया संपत्ति का ब्यौरा

2 min read
Google source verification

image

Yuvraj Singh Jadon

Apr 19, 2016

money

money

संजीव शर्मा, चंडीगढ़। हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में वरिष्ठ पदों पर तैनात आई.ए.एस. अधिकारियों की संपत्ति खरीदने के मामले में भले ही पहली पसंद गुडग़ांव रहा है लेकिन राज्य के जिलों में बतौर उपायुक्त तैनात आई.ए.एस. अधिकारी भी संपत्ति खरीद के मामले में पीछे नहीं हैं। अलबत्ता जिला उपायुक्तों की संपत्ति राज्य के विभिन्न जिलों में है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजे गए संपत्ति के ब्यौरे में जिला उपायुक्तों के पद पर तैनात आई.ए.एस. अधिकारियों की संपत्ति का आंकलन किया जाए तो यमुनानगर के जिला उपायुक्त एस.एस. फुलिया तथा महेंद्रगढ़ के जिला उपायुक्त संजीव वर्मा इस मामले में अन्य आई.ए.एस. अधिकारियों से कहीं आगे हैं।

संपत्ति के ब्यौरे में यमुनानगर के जिला उपायुक्त एस.एस.फुलिया के पास यमुनानगर तथा भिवानी जिले में करीब चार-चार एकड़ भूमि है। जिसकी कीमत करीब आठ करोड़ रुपए है। इसके अलावा फुलिया के पास पंचकूला में 1.21 करोड़ कीमत वाला एक मकान, अंबाला में करीब 50 लाख रुपए कीमत का एक प्लाट तथा पंचकूला में करीब 60 लाख रुपए कीमत का एक फ्लैट है। फुलिया की कुल संपित्त की कीमत करीब 10 करोड़ रुपए है।

कुछ ऐसी ही स्थिति महेंद्रगढ़ के जिला उपायुक्त संजीव वर्मा की है। वर्मा के पास यमुनानगर जिले में करीब 24 एकड़ कृषि भूमि, इसी जिले में तीन एकड़ जमीन अलग, यमुनानगर जिले में एक मकान तथा पंचकूला में एक फ्लैट, यमुनानगर की एक कालोनी में प्लाट तथा यमुनानगर जिले में गांव कलेसर में करीब 26 एकड़ कृषि भूमि है।

पंचकूला के उपायुक्त मनदीप बराड़ के पास उनके पैतृक जिला पंजाब के बठिंडा में 55 कनाल कृषि भूमि के अलावा पंजाब के मोहाली जिले में 500 स्केयर यार्ड का प्लाट है तथा वह एक फ्लैट लेने की तैयारी में हैं।

इस तरह अंबाला के उपायुक्त अशोक सांगवान के पास जहां गुडग़ांव की डीएलएफ कालोनी में एक प्लाट है वहीं उनके पास पंचकूला तथा गुडग़ांव में फ्लैट हैं। उधर हरियाणा के अंतिम छोर पर बसे जिला झज्जर की उपायुक्त अनिता यादव के पास जहां गुडग़ांव में एक मकान है वहीं उनके पास पलवल जिले में करीब पांच एकड़ कृषि भूमि तथा पलवल जिले में ही छह कनाल का भू-खंड है।

अन्य जिलों के उपायुक्तों के पास जहां औसत संपत्ति है, वहीं भिवानी के उपायुक्त पंकज, रोहतक के उपायुक्त अतुल कुमार तथा कुरूक्षेत्र के उपायुक्त सी.जी. रजनीकांथन के पास अपने नाम से कोई संपत्ति नहीं है। दूसरी तरफ गुडग़ांव, हिसार, जींद आदि जिले ऐसे हैं जहां के उपायुक्तों द्वारा अभी तक अपनी संपत्ति की घोषणा नहीं की गई है।

मनी राम के पास नहीं दो बीघे जमीन

हरियाणा में तैनात आई.ए.एस. अधिकारी जहां संपत्ति के मामले में एक-दूसरे को पछाड़ रहे हैं वहीं मेवात जिले में बतौर उपायुक्त तैनात मनीराम शर्मा ऐसे आई.ए.एस. अधिकारी हैं जिनके पास दो बीघे जमीन भी नहीं है। मनी राम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उनके पास राजस्थान के अलवर जिले में 1.12 बीघे जमीन है, जिसकी कीमत करीब 75 लाख है। इसके अलावा उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर मकान खरीदने की प्रक्रिया शुरू की है।

ये भी पढ़ें

image