कासगंज। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी मद्देनजर चुनावी समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं को ऊर्जित किया गया। भाजपा नेताओं ने लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत अपना रुख स्पष्ट किया। इस मौके पर सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि समाजवादी पर्टी (सपा) आपसी कलह में फंसी हुई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) टिकट देने के लिए सीटों के रेट की सेटिंग कर रही है, लेकिन भाजपा लोगों के घर-घर जा रही है।
विकास कार्य होंगे आधार
भाजपा प्रवक्ता ब्रजेश मिश्रा ने कहा कि सरकार ने अनेक योजनाएं गरीबों के लिए चलाईं हैं, जिनमें मुख्यरूप से दुनिया की सबसे बड़ी आयुष्मान भारत योजना है, जिससे देश के 50 करोड लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि सौभाग्य योजना के तहत करोड़ों लोगों को बिजली के मुफ्त कनेक्शन प्राप्त हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्तर प्रदेश पहले पायदान पर है। इन्हीं विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएंगे।
राम मंदिर मुद्दे से भाजपा भटकी नहीं
सांसद राजवीर सिंह और प्रभारी मंत्री सुरेश पासी राम मंदिर के मुद्दे पर गोलमोल जवाब देते नजर आए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर मुद्दे से भाजपा भटकी नहीं हैं और वक्त का इंतजार कीजिये। एसकेवी इण्टर कालेज हुई समीक्षा बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ब्रजेश मिश्रा , सांसद राजवीर सिंह, प्रभारी मंत्री सुरेश पासी सहित जनपद के सभी विधायक मौजूद रहे।