
house collapsed
कासगंज। जिले में बीते दो दिनों से थम थम कर आफत की बारिश हो रही है। इस बारिश का कहर लोगों पर मुसीबत बनकर टूट रहा है। बारिश के चलते एक इंदिरा आवास ढह जाने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि मृतक बच्चों की मां समेत तीन लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे की सूचना पर पहुंचे डीएम, एसपी ने हादसे के शिकार परिवार को 12 लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि दिलाये जाने का आश्वासन दिया है।
कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र के गांव सुजानपुर में इंदिरा आवास योजना के तहत मकान हैं। लगातार दो दिन से हो रही बारिश के चलते गुरूवार की मध्यरात्रि में एक इंदिरा आवास की छत भरभरा कर ढह गई। जिसके नीचे अगन लाल के परिवार के छह सदस्य दब गए। हादसे में दस वर्षीय छाया, सात वर्षीय शर्मिला, दो वर्षीय सौरभ की मौत हो गई, जबकि सतेन्द्र, और गौरी उनकी मां शारदा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उनका उपचार 100 शैया संयुक्त जिला अस्पताल में चल रहा है। अब उनकी हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जब हादसा हुआ तब अगनलाल अपनी रिश्तेदारी में गया हुआ था, लिहाजा वो इस हादसे का शिकार होने से बच गया। इस हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। कुछ ही देर में ग्रामीण इकट्ठे हो गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी और बचाव कार्य में जुट गए। फिलहाल पुलिस ने तीनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं शेष तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आरपी सिंह जिला अस्पताल में पहुंच गये। वहां मृतक बच्चों के माता पिता से दुखद विदारक घटना के बारे में हाल चाल लिया। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिलाने के साथ 12 लाख रूपये की सहायता राशि के अलावा आवास दिलाये जाने की सार्वजानिक घोषणा की। साथ ही छह हजार रूपये नकद बच्चों के अंतिम संस्कार के लिए दिए।
Published on:
27 Jul 2018, 1:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.