9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खनिज माफियाओं पर शिकंजा, रेत खदान के अवैध रास्ते ध्वस्त, वाहन किए जब्त, कई हाइवा किये जब्त

बड़वारा के नदी घाटों पर बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने चलाया जांच अभियान

3 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Apr 09, 2026

Action against illegal mining of sand and minerals

Action against illegal mining of sand and minerals

कटनी. जिले में अवैध खनिज संपदा का उत्खनन, परिवहन और भंडारण के साथ दोहन जमकर जारी है। बंद खदानों ने जमकर जिलेभर में रेत निकाली जा रही है। बॉक्साइड, लाइम स्टोन गिट्टी, मार्बल आदि का जमकर खनन हो रहा है। जिम्मेदार कई माह से कार्रवाई से परहेज कर रहे थे। अवैध खनन व परिवहन के मामले को पत्रिका ने प्रमुखता से उजागर किया, जिसके बाद जिम्मेदारों ने कार्रवाई की जहमत उठाई है। अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बुधवार को बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी घाटों पर सघन अभियान चलाकर खनिज माफियाओं की गतिविधियों पर लगाम लगाने का प्रयास किया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिला खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित सहित खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बसाड़ी, भदौरा, संकरीगढ़, सुड्डी सहित आसपास के घाटों पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अवैध खनन और परिवहन को आसान बनाने के लिए कई स्थानों पर अस्थायी पहुंच मार्ग तैयार किए गए थे।

जेसीबी से तोड़े गए अवैध मार्ग, माफियाओं में हडक़ंप

संयुक्त अमले ने मौके पर ही जेसीबी मशीन की मदद से इन अवैध रास्तों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हडक़ंप की स्थिति बन गई और अवैध गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध मार्ग खनिज चोरी को बढ़ावा देते हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान एक वाहन को अवैध खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। संबंधित वाहन चालक एवं मालिक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन या परिवहन में लिप्त पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान तहसीलदार ऋषि गर्ग, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, नायब तहसीलदार हर्षवर्धन रामटेके, उपनिरीक्षक रामनाथ साकेत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

खनिज की ओवरलोडिंग पर 11 डंपर और हाइवा जब्त, मचा हडक़ंप

अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी-उमरिया रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करना, ओवरलोडिंग पर नियंत्रण और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना रहा। सुबह से शुरू हुए इस अभियान में परिवहन विभाग की टीम ने मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनकी बारीकी से जांच की। कुल 48 वाहनों की जांच में 11 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन पर कार्रवाई करते हुए अधिकांश वाहनों को थाना कुठला और एक वाहन को थाना बड़वारा में सुरक्षित रखा गया। जांच के दौरान सामने आया कि कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित हो रहे थे, जो सडक़ सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। विशेष रूप से खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर फोकस किया गया। कार्रवाई में तीन वाहन गिट्टी से ओवरलोड, तीन वाहन रेत से लदे और एक वाहन बॉक्साइट से ओवरलोड पाया गया। इसके अलावा दो वाहन मुरम और दो वाहन कोयला परिवहन करते हुए नियमों के विरुद्ध पाए गए, जिनमें आवश्यक दस्तावेजों की कमी भी थी वहीं एक वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित होता मिला, जिसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए जब्त कर लिया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने बताया कि ओवरलोडिंग और बिना फिटनेस के वाहन न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाते हैं, बल्कि सडक़ों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। अभियान के दौरान कई चालकों को समझाइश देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।

कटनी-कैमोर रोड पर जांच में 9 वाहनों पर कार्रवाई

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने बुधवार को कटनी-कैमोर रोड पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें 9 वाहनों में अनियमितताएं पाई गईं। कार्रवाई के तहत 5 वाहनों को थाना कुठला और 4 को थाना कैमोर में सुरक्षित रखा गया। जांच में एक ट्रक बिना वैध परमिट के संचालित मिलता पाया गया, जबकि दो यात्री बसें बिना परमिट, फिटनेस और टैक्स के चल रही थीं, जिन्हें तत्काल जब्त किया गया। इसके अलावा कई वाहनों में ओवरलोडिंग भी पाई गई, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी और स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।