17 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यहां गड्ढों में ढूंढना पड़ रही सड़क

चाका बायपास से चांडक चौक तक सड़क बदहाल, मुश्किल से हो रहा आवागमन, रात में बढ़ जाता है हादसों का खतरा

2 min read
Google source verification
bad condition, road, pothole, highway, driver, city dweller, katni news

bad condition, road, pothole, highway, driver, city dweller, katni news

कटनी। हाइवे की चकाचक सड़कों पर सफर करने वाले लोगों को कटनी शहर में प्रवेश करने के साथ ही जानलेवा गड्ढों का सामना करना पड़ रहा है। जानलेवा गड्ढों से भरी सड़क शहर में प्रवेश करने की पहचान बन चुकी है। वाहन चालक व शहरवासी नगरनिगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए गड्ढों से बचकर शहर के अंदर प्रवेश कर रहे हैं और बाहर जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सतना की ओर से कटनी शहर आने वाली सड़क चाका बायपास के बाद से चांडक चौक तक जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो जाती है। कई गड्ढे तो ऐसे भी हैं, जिसमें गाडिय़ां बहककर हादसे का शिकार हो जाती हंै। तेज रफ्तार वाहन इन गड्ढों के नजदीक पहुंचते ही अचानक ठहर जाते हैं फिर गड्ढों के बीच से किसी तरह वाहनों को सुरक्षित निकालते हैं। चाका से पन्ना मोड़ तक सड़क पर 50 से अधिक गहरे गड्ढे हैं। इसी मार्ग से होकर बसों का संचालन होता है। सड़क खराब होने से हजारों लोग परेशान होते हैं। रात के समय यहां हादसा होने का खतरा और बढ़ जाता है।

कंपनी टर्मिनेट, सड़क निर्माण पर संशय
शहर में सीवरलाइन बिछाने का काम कर रही केके स्पन कंपनी को नगरनिगम ने टर्मिनेट कर दिया है। ऐसी स्थिति में सीवरलाइन के कार्य से इस क्षेत्र में बदहाल हो चुकी सड़क के निर्माण अधर में है। नगरनिगम द्वारा आचार संहिता के पहले सड़क निर्माण के लिए प्रक्रिया अपनाई गई लेकिन अबतक सड़क का नवीनीकरण नहीं हो पाया है।

गड्ढों और सड़क पर भरा पानी
बारिश के चलते सड़क किनारे व गड्ढों में पानी जमा हुआ है। पानी जमा होने के कारण वाहन चालक दूसरे वाहन के साइड से गुजरने से भी कतराते हैं। उन्हें डर होता है कि सड़क किनारे जमा पानी के बीच गड्ढे वाहन की रफ्तार बिगाड़ सकते हैं और वे गंभीर हादसे का शिकार हो सकते हैं।

पुलिया का भी नहीं हुआ चौड़ीकरण
बस स्टैंड से चाका तक नगरनिगम द्वारा 67 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई मॉडल रोड के निर्माण के बाद तीन पुलियों का चौड़ीकरण भी किया जाना था, लेकिन सड़क बनने के कई वर्षों बाद भी अबतक पुलियों का चौड़ीकरण नहीं किया गया है। संकीर्ण पुलिया में रात के समय हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है। कई बार जानलेवा हादसे भी हो चुके हैं। इसके बाद भी नगरनिगम व जिला प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा।

सीवर लाइन ने तबाह की सड़कें
सीवर लाइन बिछाने के लिए चांडक चौक से पन्ना तिराहे तक खोदी गई सड़क पूरी तरह से तबाह हो चुकी है। कुछ स्थानों पर सड़क बनाई गई लेकिन वह भी खराब हो गई। कई स्थानों पर लोग लंबे समय से सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं। सड़क के एक तरफ कीचड़ और गड्ढों से होकर लोग गुजर रहे हैं।

यह बात सही है चाका से चांडक चौक तक कई स्थानों पर सड़कों में गड्ढे हैं। गड्ढों का भराव जल्द किया जाएगा। सड़क का निर्माण कार्य भी होना है।
- सतेन्द्र धाकरे, आयुक्त, नगरनिगम

सड़क का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आंकलन करेंगे। शहरवासियों की समस्या का निराकरण जल्द से जल्द कराएंगे। निगम अधिकारियों से चर्चा कर गड्ढे भरवाए जाएंगे।
- प्रीति सूरी, महापौर