
Board copies are being checked slowly
कटनी. माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में जिले में सुस्ती देखने को मिल रही है। शहर के उत्कृष्ट विद्यालय में बोर्ड कॉपियों की जांच के लिए मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है, जहां अब तक लगभग एक लाख उत्तरपुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं। इसके बावजूद कॉपियों की जांच की गति धीमी बनी हुई है। जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं की केवल 29 प्रतिशत और कक्षा 12वीं की 61 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं का ही अब तक मूल्यांकन हो पाया है। खासकर 10वीं कक्षा की कॉपियों की जांच सबसे पीछे चल रही है, जिससे मूल्यांकन कार्य में देरी की आशंका बढ़ गई है।
मूल्यांकन कार्य में देरी का मुख्य कारण कई शिक्षकों का कॉपियां जांचने के लिए केंद्र पर नहीं पहुंचना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कई शिक्षकों की ड्यूटी लोकल परीक्षाओं और अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगी हुई है, जिसके कारण वे मूल्यांकन कार्य के लिए उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं। इस स्थिति के कारण संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। विभाग द्वारा केवल नोटिस जारी करने की औपचारिकता निभाई जा रही है, जिससे शिक्षकों की मनमानी जारी है और मूल्यांकन कार्य प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं की 53 हजार 891 उत्तरपुस्तिकाएं पहुंची हैं। अबतक 15 हजार 591 कॉपियां चेक हो पाई हैं। चेक कॉपियों का अबतक का प्रतिशत 29 प्रतिशत है, जबकि 50 फीसदी से अधिक कॉपियों की जांच हो जानी चाहिए। कॉपियों की जांच करने के लिए 100 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन 82 शिक्षक ही पहुंच रहे हैं।
कक्षा 12वीं के कॉपियों की जांच तेज गति से चल रही है। जानकारी के अनुसार केंद्र में 46 हजार 470 कॉपियां चेक होने के लिए पहुंची हैं, अबतक 28 हजार 496 कॉपियों की जांच हो गई है। चेक हुई कॉपियों का प्रतिशत 61 है। बता दें कि कक्षा 12वीं बोर्ड की कॉपियों की जांच करने के लिए 125 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन 104 शिक्षक ही पहुंच रहे हैं।
बोर्ड परीक्षा कॉपियों की जांच के लिए चौथा चरण मंगलवार से शुरू होगा। हिंदी, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, भूगोल विषय की कॉपियां चेक होंगी। शिक्षा विभाग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती निर्धारित समय में कॉपियों का मूल्यांकन पूरा करना है। यदि इसी तरह जांच की रफ्तार धीमी रही तो परिणाम घोषित करने में भी देरी हो सकती है। ऐसे में जरूरत है कि विभाग सख्ती बरतते हुए शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करे, ताकि बोर्ड कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य समय पर पूरा हो सके।
लगातार बोर्ड के निर्देश अनुसार उत्तरपुस्तिकाओं की जांच कराई जा रही है। कक्षा 10वीं में 53891 में से 15591 कॉपियां चेक हो चुकी हैं। कक्षा 12वीं में 46470 में से 28496 कॉपियों की जांच हो गई है। अब चतुर्थ चरण से और रफ्तार बढ़ेगी। जो शिक्षक कॉपियां चेक करने नहीं आए हैं ऐसे शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है।
Updated on:
17 Mar 2026 09:57 am
Published on:
17 Mar 2026 09:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
