17 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चौपाटी पर गैस संकट का असर: आधा दर्जन दुकानें बंद, कारोबारियों की रोजी पर संकट

एक ओर सर्वर ठप और सिलेंडर की किल्लत, दूसरी ओर अवैध भंडारण का खेल; प्रशासन की कार्रवाई में 22 सिलेंडर जब्त

2 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Mar 17, 2026

Gas cylinders seized in Katni

Gas cylinders seized in Katni

कटनी. शहर में रसोई गैस की किल्लत अब सीधे चौपाटी और छोटे खानपान कारोबारियों की रोजी-रोटी पर असर डालने लगी है। गैस सिलेंडर की कमी के कारण चौपाटी परिसर में ही आधा दर्जन से अधिक दुकानों पर ताले लग गए हैं, जबकि कई दुकानदार सीमित समय के लिए ही दुकान खोल पा रहे हैं। सिलेंडर न मिलने से नाश्ता, चाट-फास्ट फूड और चाय की दुकानों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि सिलेंडर मिलना बेहद मुश्किल हो गया है। कई बार बुकिंग के बाद भी समय पर गैस नहीं मिल रही। कुछ कारोबारियों को मजबूरी में दुकान बंद करनी पड़ रही है, जबकि कुछ लोग वैकल्पिक इंतजाम कर जैसे-तैसे काम चला रहे हैं। चौपाटी के दुकानदारों के अनुसार गैस के अभाव में कई बार ग्राहकों को बिना सामान दिए ही लौटाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान लगातार बढ़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि छोटे दुकानदार रोज की कमाई पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में गैस की किल्लत लंबे समय तक बनी रही तो उनका व्यवसाय पूरी तरह ठप हो सकता है। कई दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

एजेंसी के बाहर लगी कतारें, सर्वर की समस्या

सोमवार सुबह एनकेजे क्षेत्र स्थित इंडेन गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई लोग बुकिंग न होने की समस्या लेकर पहुंचे थे तो कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग के लिए आवश्यक ओटीपी ही नहीं आ रही है। इससे लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एजेंसी में मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से सर्वर लगातार बाधित हो रहा है। दिनभर सर्वर काम नहीं करने के कारण बुकिंग और अपडेट की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। फिलहाल उपभोक्ताओं के नंबर मैनुअल तरीके से दर्ज किए जा रहे हैं और देर रात या अलसुबह सर्वर चालू होने पर उन्हें सिस्टम में अपडेट किया जा रहा है।

अवैध भंडारण का खुलासा, 22 घरेलू सिलेंडर जब्त

इसी बीच प्रशासन ने एलपीजी गैस के अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर कार्रवाई भी शुरू कर दी है। संयुक्त जांच दल को माधवनगर गेट के समीप स्थित सूरज बालानी के मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारित किए जाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान परिसर में कुल 22 घरेलू (14.2 किलोग्राम) गैस सिलेंडर अनाधिकृत रूप से भंडारित पाए गए। कार्रवाई के दौरान एचपीसीएल के 5 भरे और 1 खाली, आईओसीएल के 6 खाली तथा बीपीसीएल के 10 खाली सिलेंडर जब्त किए गए। जांच के दौरान सूरज बालानी ने बताया कि वे घर से ही इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटे के माध्यम से सिलेंडरों में गैस तौलकर अन्य लोगों को देते थे। सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष कुमार शुक्ल ने मौके से 22 घरेलू गैस सिलेंडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा जब्त किया। जब्त सामग्री को सुरक्षा की दृष्टि से अशोक गैस एजेंसी के संचालक संदीप यादव की सुपुर्दगी में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।