कटनी. मध्यप्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश 1 जून से 15 जून तक लागू किया जा रहा है। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों से पात्र हितग्राहियों को रेडी टू ईट आहार वितरित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस आदेश के अनुसार आंगनवाड़ी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे बच्चों एवं महिलाओं को छुट्टी के दिनों में भी निरंतर पोषण मिलता रहे, इसके लिए पूर्व नियोजित व्यवस्था की जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में वर्तमान में कुल 1 लाख 32 हजार 678 बच्चे और 21 हजार 798 महिलाएं (गर्भवती, धात्री माताएं एवं किशोरी बालिकाएं) महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण कार्यक्रम में पंजीकृत हैं। इन्हें ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान 12 दिनों की मात्रा के अनुसार रेडी टू ईट आहार सामग्री दी जाएगी।