
board exam
कटनी. माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार से उत्कृष्ट विद्यालय माधवनगर में प्रारंभ होगा। प्रथम चरण का मूल्यांकन 22 फरवरी से शुरू किया जा रहा है। इसके पूर्व शनिवार को मूल्यांकन कार्य में शामिल 80 शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र में मास्टर ट्रेनर एवं मूल्यांकन केंद्र प्रभारी प्राचार्य एम किडो, सहायक केंद्र प्रभारी संध्या बेन, पहाड़ी स्कूल के प्राचार्य आलोक पाठक द्वारा बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन की बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में निष्पक्षता, शुद्धता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया।
कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल्यांकन केंद्र में कक्षा 12वीं अंग्रेजी विषय की 10 हजार 800, अर्थशास्त्र की 6 हजार 300 तथा भौतिक शास्त्र की 4 हजार 680 उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हो चुकी हैं। सुबह की पाली में 58 शिक्षक नियमित रूप से कॉपियों का मूल्यांकन करेंगे, जबकि अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर आगामी चरणों के लिए तैयार किया गया है।
मूल्यांकन में त्रुटि को गंभीरता से लेते हुए सख्त दंड प्रावधान किए गए हैं। एक अंक की गलती पाए जाने पर मूल्यांकनकर्ता, सहायक केंद्र प्रभारी और केंद्र प्रभारी पर क्रमश: 100-100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। यदि एक अंक की गलती से मेरिट सूची प्रभावित होती है, तो संबंधित पर एक हजार रुपए का जुर्माना निर्धारित है। इसके अतिरिक्त 90 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अथवा अत्यंत कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं में त्रुटि की आशंका होने व परीक्षार्थी को अनुपस्थित बताने पर पर हेड मूल्यांकनकर्ता द्वारा पुन: जांच कराई जाएगी। दोष सिद्ध होने पर 200-200 रुपए की पेनाल्टी के साथ मूल्यांकन कार्य से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। मूल्यांकन कार्य करने वाले शिक्षकों को हायर सेकेंडरी की प्रति कॉपी 16 रुपए, हाइस्कूल की प्रति कॉपी 15 रुपए मानदेय दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य निष्पक्ष और त्रुटिरहित मूल्यांकन सुनिश्चित करना है।
Published on:
22 Feb 2026 10:45 am
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
