
(फोटो सोर्स: पत्रिका)
MP News: एमपी के कटनी जिले में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के बाहरी क्षेत्र में एक युवक का अर्धनग्न शव बरामद किया गया। शव को देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले संदीप चौधरी के रूप में की गई है, जो पिकअप वाहन चालक था।
जानकारी के अनुसार, ननवारा खुर्द गांव की बस्ती से कुछ दूरी पर ग्रामीणों को एक अज्ञात शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पता चला कि संदीप चौधरी पिता विश्राम चौधरी (35) नन्हवारा का शव है, जो खून से सना हुआ था और कपड़े भी सही स्थिति में नहीं थे। शव की हालत देख कर गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इस घटना की सूचना बड़वारा थाना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप चौधरी (पिकअप चालक) के रूप में हुई है, जो गांव में ही निवास करता था। पुलिस ने बताया कि शव की स्थिति देखकर यह प्रतीत होता है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को गांव के बाहरी इलाके में फेंका गया है। शव पर गंभीर चोटों के निशान हैं और खून काफी मात्रा में बहा था, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बड़वारा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक केके पटेल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि तकनीकी जांच के माध्यम से साक्ष्य जुटाए जा सकें। फिलहाल पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है जैसे आपसी रंजिश, लूट, व्यक्तिगत विवाद या कोई अन्य कारण। ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण स्तब्ध हैं कि उनके ही गांव का एक युवक इस तरह बेरहमी से मारा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आम जनता से कहा है कि यदि किसी को भी घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो वे पुलिस को गोपनीय रूप से सूचित करें, ताकि हत्यारे तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
Updated on:
23 Jun 2025 01:37 pm
Published on:
23 Jun 2025 01:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
