कटनी. रेलवे को हर दिन 5 से 6 लाख रुपये का राजस्व देने वाला मुड़वारा रेलवे स्टेशन सुविधाओं के लिए मोहताज है। इसका खामियाजा रेलवे के राजस्व में बढ़ोत्तरी करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं अधिकारी-कर्मचारी भी समस्याओं से जूझ रहे हैं। बता दें कि यहां से औसतन प्रतिदिन 38 ट्रेनों का स्टॉपेज है। रोजाना 14 से 15 हजार से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। यह स्टेशन कई माइनों में अहम हैं। देश व प्रदेश की राजधानी से जोडऩे वाला प्रमुख स्टेशन है, इसके बाद भी उपेक्षित है। यहां पर यात्री और अधिकारी-कर्मचारी की सुविधाओं के लिए विस्तार नहीं हो पा रहा। कई प्रस्ताव हैं जिनकी स्वीकृति तो है, लेकिन अबतक शुरू नहीं हो पाए। स्टेशन में रैम्प की सबसे बड़ी समस्या है। रैम्प न होने के कारण मजदूर जान को जोखिम में डालकर पटरियां पार कर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म में पार्सल पहुंचाते हैं। यात्री सुविधा के लिए एस्केलेटर निर्माण का काम अबतक नहीं शुरू हुआ। वेटिंग हॉल नहीं हैं। स्लीपर वेटिंग हॉल, एसी वेटिंग हॉल, महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था, फुट ओवर ब्रिज का दोनों तरफ खुलना, सीसीटी कैमरे, दो, तीन प्लेटफॉर्म पर कोच इंडीकेटर बोर्ड की सख्त जरुरत है। इसके अलावा स्टेशन प्रबंधक कार्यालय, एसएमसी शिकायती कक्ष, उद्घोषणा कक्ष, सुरक्षित परिसर, व्यवस्थित पार्किंग, कचरा निपटान के लिए व्यवस्था नहीं पर काम शुरू नहीं हुआ। स्टेशन में पर्याप्त प्रसाधन का होना अत्यंत आवश्यक है।