कटनी. जीआरपी ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश शराब का अवैध तरीके से परिवहन कर रहे थे। पूछताछ में आधा दर्जन से अधिक ट्रेन में चोरी के मामलों का खुलासा भी हुआ है। इनके पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से रिमांड पर लेकर अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। खास बात यह है कि दो माह पहले भी जीआरपी ने बदमाशों को दबोचा था। उस दौरान इन्होंने कसम खाई थी कि आजके बाद अपराध नहीं करेंगे, लेकिन फिर से अपराधों को अंजाम देने लगे थे। जीआरपी थाना प्रभारी डीपी चड़ार ने बताया कि राजू उर्फ रंजीत सिंह (23) निवासी इमलिया थाना रीठी हाल निवासी मंगलनगर को व गोलू उर्फ विनय उर्फ लल्ला सक्सेना (19) फारेस्टर वार्ड झर्राटिकुरिया को मुखबिर की सूचना पर रेलवे लाइन झर्राटिकुरिया के पास से दबोचा। दोनों के पास से 10 लीटर जहरीली शराब जब्त की गई। दोनों के पास से एक-एक बका भी जब्त किया गया है।
इन वारदातों को भी दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार इन दोनों बदमाशों ने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। योगेंद्र चौहान (28) गौरीनगर इंदौर का 12 फरवरी को रेवांचल एक्सप्रेस में लैपटॉप आदि चोरी कर लिया गया। इस घटना से भी आरोपियों के तार जुड़े हैं, जिसके संबंध में रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा प्रकरण क्रमांक 5/20 में सोने की नथ, अंगूठी, मोबाइल, नगदी पांच हजार रुपये, 28/20 में दो सोने की अंगूठी, 4500 रुपये नकद, मोबाइल, 463/19 में 7 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, मोबाइल सहित अन्य मामलों में शामिल रहे।
इनका कहना है
दो शातिर बदमाशों को शराब तस्करी करते हुए पकड़ा है। 10 लीटर शराब जब्त की गई है। पूछताछ में बका भी मिले हैं। कई चोरियों को खुलासा हुआ है व अन्य चोरियों से तार जुड़े है। रिमांड लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
डीपी चड़ार, टीआइ जीआरपी।