कटनी. विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है। पुलिस वारंटियों व अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई है। लाइसेंसी बंदूकधारियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है तो आम्र्स डीलर्स की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। इन सबके पीछे पिछले १ माह में हुई गोली चलने की दो वारदातों का खुलासा न होना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस को दोनों ही मामलों में न तो आरोपी मिला है और न ही उनके कब्जे से हथियार बरामद हुआ है। वारदातों में एक पहलू भी उभरकर सामने आया है कि शहर में अवैध हथियारों की भी कमी नहंी है। ऐसी स्थिति में आगामी चुनाव में ये हथियार भी खलल पैदा कर सकते हैं। शहर में कट्टा, पिस्टल सहित अन्य बंदूकें कहां से आ रही है और सप्लायर्स कौन है, इसका खुलासा लंबे समय से नहीं हो सका है। हालाकि पुलिस ने कई बार जांच में कट्टा सहित अन्य हथियार जब्त तो किए हैं, लेकिन असल आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है।