कटनी. ड्रग माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए औषधि प्रशासन विभाग, जिला प्रशासन की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। टीम ने शुक्रवार को खिरहनी क्षेत्र में संचालित मेडिकलों में दबिश दी। दवाओं की जांच की गई। इस दौरान दो दवाओं के अमानक होने की आशंका पर सेम्पल भी भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को छापामार कार्रवाई में नायब तहसीलदार रवींद्र पटेल, ड्रग इंस्पेक्टर स्वप्निल सिंह सहित पुलिस की टीम शामिल रही। दुर्गा चौकी खिरहनी व तिलक कॉलेज रोड में चित्रांश मेडिकल खिरहनी, जनता मेडिकल दुर्गा चौक, अंशिका मेडिकल तिलक कॉलेज रोड एवं प्रेम मेडिकल में राजस्व विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। 2 दवाइयों के सेम्पल जांच के लिए लेकर औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस कार्रवाई से ड्रग माफियाओं में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है। सूत्रों की मानें तो अमानक दवाएं व कोडीन मिश्रित दवाओं को दबा दिया गया है, ताकि कार्रवाई में खुलासा न हो।
दो दवाओं के अमानक होने का अंदेशा
जांच अधिकारी स्वप्निल सिंह ने बताया कि एक मेडिकल स्टोर से दवा जांच के लिए भी भेजी है। इसमें अंकिशका मेडिकल से दो दवाइयों के सेम्पल लिए गए हैं। उन्हें औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसमें खासी की सीरप शामिल हैं।
यह है अवधारणा
उक्त कार्रवाई सीएम कमलनाथ के निर्देश के बाद ड्रग माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। दो दिनों से ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। अमानक दवाओं की जांच की जा रही है। इसमें सबसे ज्यादा यह देखा जा रहा है कि अमानक दवाओं की बिक्री न हो। इसके अलावा कोडीन मिश्रित दवाओं का बहुत मात्रा में दुरुपयोग हो रहा है। चिकित्सकों ने इन दवाओं को लिखना बंद कर दिया है, इसके बाद भी जिलेभर में कोरेक्स सहित अन्य कफ सिरप खप रहीं हैं। ऐसे में इन दवाओं की विक्रय पर्ची जांची जा रही है। न मिलने लाइसेंस सस्पेंड व कैंसिल करने की कार्रवाई होगी।
खास-खास:
– शहर सहित जिल में लगभग 500 से अधिक मेडिकल स्टोर्स हैं संचालित।
– दो दर्जन से अधिक मेडिकल जिले में बगैर लाइसेंट रिन्यू कराए व लाइसेंस के चला रहे हैं।
– किराना दुकानों में भी दवाएं बगैर लाइसेंस के बिक रही हैं, जिनकी नहीं होती जांच।
– एक हफ्ते में विभाग ने लिए हैं सात सेम्पल, जांच के लिए भेजा है प्रयोगशाला ।
– कॉस्मेटिक आइटम पर भी की जानी है सेम्पलिंग।
इनका कहना है
ड्रग माफियाओं पर कार्रवाई करने के लिए यह अभियान चलाया गया है। सीएम के आदेश के बाद यह कार्रवाई जारी है। अमानक दवाओं की व नियम विरुद्ध तरीके से बिक्री न हो इसको देखा जा रहा है। अमानक होने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
स्वप्निल सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर।