31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फ्लाईओवर में ब्रेक फेल होने के कारण यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, आधा दर्जन यात्री गंभीर घायल

हादसे के बाद यात्रियों में मची चीख-पुकार, लापरवाही से हुआ बड़ा हादसा, घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी, कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा रेलवे फ्लाइओवर की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच

2 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Mar 31, 2026

bus accident

bus accident

कटनी. कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फ्लाईओवर के पास सोमवार सुबह एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार गुप्ता बस सर्विस की बस क्रमांक एमपी 53 पी 0214 कारीतलाई से कटनी आ रही थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जैसे ही बस लमतरा बाईपास स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंची, चढ़ाई पर बस चढ़ नहीं पा रही थी और बार-बार बंद हो रही थी। चालक ने कई बार बस स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद चालक और कंडक्टर ने आधे से ज्यादा यात्रियों को बस से उतरवाकर धक्का लगवाना शुरू कर दिया जो कि साफ तौर पर गंभीर लापरवाही का मामला है।

अचानक पीछे लुढक़ी बस, ब्रेक ने दिया जवाब

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कभी आगे बढ़ती तो कभी पीछे खिसक जाती। इसी दौरान अचानक बस तेजी से पीछे की ओर लुढकऩे लगी और तभी उसका ब्रेक फेल हो गया। चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सडक़ किनारे जाकर पलट गई। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल यात्री दर्द से कराहते रहे। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और मजदूरों (राजगीरों) ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

ये हुए घायल

बस पलटने से रूबी शर्मा पति लवकेश शर्मा (26), बतसिया बाई बप्ति विश्राम (60), देवेंद्र कुमार शर्मा पिता सूरत प्रसाद शर्मा (66) कैमोर, रामकरण खटीक पिता लल्लूराम (60) निवासी विजयराघवगढ़, सोना बाई पति परदेशी (40) निवासी पडख़ुरी थाना कैमोर को गम्भीर चोट आई है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई है, जो स्थानीय स्तर पर उपचार कराकर दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए चले गए हैं।

पुलिस और एंबुलेंस कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गौरतलब है कि बस से पहले ही 30 से अधिक यात्रियों को उतार दिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि सभी यात्री बस में सवार होते, तो जानमाल का नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और बस की खराब स्थिति को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। आखिर कब तक लापरवाही से यात्रियों की जान जोखिम में डाली जाती रहेगी? प्रशासन और परिवहन विभाग को अब सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

वर्जन

लमतरा बायपास के पास गुप्ता बस सर्विस की बस विजयराघवगढ़ मार्ग के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई थी। सूचना पर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कोई गंभीर हताहत नहीं है। प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।

राजेंद्र मिश्रा, थाना प्रभारी कुठला।