19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP के इस जिले में 566 करोड़ की सिंचाई परियोजना से बदलेगी 27 गांवों की तस्वीर व किसानों की तकदीर

घंघरौटा के पास स्थापित होगी बरही सूक्ष्मदाब उद्वहन सिंचाई परियोजना, विजयराघवगढ़-बरही क्षेत्र के किसानों को मिलेगा सालभर सिंचाई का लाभ 20 हजार हेक्टेयर में सिंचाई का रखा गया है लक्ष्य, परियोजना को मिली प्रशासकीय स्वीकृति

2 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

May 19, 2026

Irrigation lift scheme will start in Katni

Irrigation lift scheme will start in Katni

बालमीक पांडेय @ कटनी. विजयराघवगढ़ और बरही क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जल संसाधन विभाग की महत्वाकांक्षी बरही सूक्ष्मदाब उद्वहन सिंचाई परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। करीब 566.92 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र के 27 गांवों के लगभग 20 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। विभाग द्वारा अब टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
परियोजना के तहत घंघरौंटा गांव के पास महानदी से लिफ्ट माइक्रो इरीगेशन सिस्टम के माध्यम से नहर में पानी लाकर खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। लंबे समय से बारिश पर निर्भर किसानों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। सिंचाई सुविधा बढऩे से क्षेत्र में फसल उत्पादन में वृद्धि होगी और किसान साल में दो से तीन फसलें लेने में सक्षम हो सकेंगे। बता दें कि घंघरौटा गांव महानदी से लगा हुआ है व बाणसागर डूब क्षेत्र में शामिल है।

महानदी से खेतों तक पहुंचेगा पानी

बरही और विजयराघवगढ़ क्षेत्र में जल संकट और सीमित सिंचाई संसाधनों के कारण किसान लंबे समय से परेशान थे। परियोजना के लागू होने के बाद खेतों तक नियमित पानी उपलब्ध होगा, जिससे दलहन, तिलहन और नकदी फसलों का उत्पादन बढ़ेगा। इससे किसानों की आय में इजाफा होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परियोजना पूरी होने के बाद यह कटनी जिले की सबसे बड़ी सिंचाई योजनाओं में शामिल होगी। किसानों को उम्मीद है कि इस योजना से खेती की तस्वीर बदलेगी और पलायन की समस्या भी कम होगी।

इन गांवों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

जानकारी के अनुसार इस योजना से 27 गांव के किसान लाभान्वित होंगे। इसमें केवलारी, गैरतलाई, उबरा, खन्नाबंजारी, धवईया, डोकरिया, सिजहरा, बनगवां, पथरेहटा, सिनगौड़ी, खिरवा, सिमरिया, रामपुर टोला, सिंघनपुरा, टिकरिया, पटपरहा, खलैंधा, कुंदरेही, गुहावल, बकेली, उरदानी, करौंदी कला, झिरिया, बुजबुजा, करौंदी खुर्द, सिंरौजा, हंतला गांव शामिल हैं।

फैक्ट फाइल

- 566.92 करोड़ा रुपए की है सिंचाई योजना
- 27 गांव के किसानों को मिलेगा लाभ
- 20 हजार हेक्टेयर खेतों की होगी सिंचाई
- 63.60 मिलिसल घन मीटर रहेगी जल क्षमता
- 12.00 मेगावाट का स्थापित होगा पॉवर
- 2.83 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर आएगी लागत

वर्जन

बरही सूक्ष्मदाब उद्वहन सिंचाई योजना को विजयराघवगढ़ क्षेत्र के ग्राम घंघरौटा बाणसागर डूब क्षेत्र से संलग्ल एरिया में स्वीकृति मिली है। यह किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। लगभग 566 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस योजना से 27 गांवों के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी। 20 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। बाणसागर महानदी से पानी लिफ्ट कर खेतों तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

प्रलेश बाम्हनिया, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग।