17 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राहगीरी-डे बना जनजागरण का अभियान, स्वच्छता और फिटनेस के रंग में रंगा कटनी

Rahgiri Day : मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी के संदेश के साथ नागरिकों ने लिया स्वच्छ और स्वस्थ कटनी का संकल्प। योग, जुंबा, खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता गतिविधियों ने राहगीरी डे को बनाया यादगार।

3 min read
Google source verification
Rahgiri Day

'राहगीरी-डे' पर स्वच्छता और फिटनेस के रंग में रंगा कटनी (Photo Source- Input)

Rahgiri Day :मध्य प्रदेश की कटनी नगर पालिका निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित 'राहगीरी-डे' रविवार की सुबह शहरवासियों के लिए उत्साह, ऊर्जा और जन जागरूकता का प्रेरक मंच बन गया। नेहरू वार्ड स्थित हाउसिंग बोर्ड प्रवेश द्वार से हाउसिंग बोर्ड मैदान तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। खुले आसमान के नीचे आयोजित इस अभिनव पहल में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ये संदेश देना है कि, स्वच्छता सिर्फ प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही शहर को सुंदर, स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है। यही कारण रहा कि, हर बार की तरह इस बार भी राहगीरी-डे के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

अभियान में बड़ी संख्या में लोग शामिल

इस अवसर पर महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमायुक्त तपस्या परिहार, पूर्व विधायक अलका जैन, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेंद्र ओमी अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शशिकांत तिवारी, लव साहू, गोविंद चावला, सीमा श्रीवास्तव, सीमा जैन सोगानी, नगर निगम ब्रांड एम्बेसडर, उपयुक्त शैलेश गुप्ता समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और शहर के बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

लोगों ने दिया स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग और फिटनेस गतिविधियों से हुई, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। इसके बाद साइकिलिंग, स्केटिंग, जुंबा, रस्साखींच, शतरंज, कैरम, पेंटिंग, रंगोली, पिट्टू, सांप-सीढ़ी, बोरा दौड़, रस्सीकूद और चम्मच-नींबू दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों ने आयोजन में रोमांच और उत्साह भर दिया।

राहगीरी-डे की खास बात

तेज संगीत की धुनों पर आयोजित जुंबा सत्र में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई। राहगीरी-डे की खास बात ये रही कि, यहां मनोरंजन के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी तरीके से दिया गया। नुक्कड़ नाटक, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध, वाटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण जैसे विषयों पर आयोजित जागरूकता गतिविधियों ने लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, इको ब्रिक्स और अनुपयोगी कपड़ों से तैयार थैलों के स्टॉल रीसायकल से सृजन की सोच को मजबूत करते नजर आए।

ये रहा राहगीरों के आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में गीतांजलि रस कला केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं, गोरिल्ला कार्टून कैरेक्टर बच्चों और राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मैजिक शो और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे आयोजन के दौरान नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। ये सम्मान पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली का प्रतीक बनकर लोगों को प्रकृति से जुड़ने का संदेश देता नजर आया।

सशक्त अभियान बन चुका 'राहगीरी-डे'

नगर निगम द्वारा हर रविवार आयोजित किया जा रहा राहगीरी-डे अब केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का सशक्त अभियान बन चुका है। ये आयोजन शहरवासियों को लगातार ये संदेश दे रहा है कि, जब समाज और प्रशासन एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तब स्वच्छ और स्वस्थ शहर का सपना साकार होना निश्चित हो जाता है।