18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रीठी जनपद पंचायत को मिला नया नेतृत्व, श्यामाबाई निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, कांग्रेस स्तब्ध

अविश्वास प्रस्ताव के बाद बदला सत्ता समीकरण, भाजपा समर्थित दावेदारी के साथ मिला समर्थन, कांग्रेस खेमे में निराशा

2 min read
Google source verification

कटनी

image

Balmeek Pandey

Mar 18, 2026

janpad adhyaksha election

janpad adhyaksha election

कटनी. जनपद पंचायत रीठी में मध्यावधि चुनाव के बाद नया नेतृत्व सामने आया है। क्षेत्र क्रमांक 6 नौआ पटी से जनपद सदस्य श्यामाबाई ठाकुर को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। इस निर्वाचन के साथ ही जनपद की राजनीति में नए समीकरण और नेतृत्व की शुरुआत मानी जा रही है। यह चुनाव पूर्व अध्यक्ष अर्पित अवस्थी के खिलाफ पारित अविश्वास प्रस्ताव के बाद रिक्त हुए पद को भरने के लिए कराया गया। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद से ही जनपद पंचायत में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं और अध्यक्ष पद को लेकर अटकलों का दौर जारी था, जिस पर अब विराम लग गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू हुई। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से हुई। इस दौरान पर्यवेक्षक प्रकाश व्यास, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, तहसीलदार संदीप सिंह, नायब तहसीलदार अनुराधा सिंह और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

11 सदस्यों ने लिया भाग

15 सदस्यीय जनपद पंचायत में से 11 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया, जबकि 4 सदस्य अनुपस्थित रहे। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन पत्र श्यामाबाई ठाकुर का प्राप्त हुआ। जांच में नामांकन वैध पाए जाने के बाद और अन्य किसी प्रत्याशी के मैदान में न होने के कारण उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। घोषणा के बाद जनपद पंचायत परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया। समर्थकों और जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्यामाबाई ठाकुर ने सभी सदस्यों से भेंटकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई। चुनाव के बाद श्यामाबाई ठाकुर भाजपा नेता पप्पू मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मोहस स्थित शंकर मोचन लालजी महाराज मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की।

स्तब्ध रह गए कांग्रेसी

राजनीतिक दृष्टि से यह चुनाव खासा चर्चित रहा। भाजपा नेता पप्पू मिश्रा ने उन्हें भाजपा समर्थित बताया, वहीं स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के अप्रत्यक्ष समर्थन की चर्चाएं भी सामने आईं। इसने चुनाव को और रोचक बना दिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अभिलाष राय, मयंक कंदेले, सरपंच नरेश राय, विजय पटेल, चंदन सिंह, हिमांशु राय, संतोष पटेल, ऋषि अग्रवाल, संतोष मांझी, राजा कंदेले और लकी चौदाहा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। राजनीतिक माहौल अचानक बदल गया, जब कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्य श्यामा बाई गौड़ अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भाजपा में शामिल हो गईं। सुबह से ही जनपद पंचायत परिसर में गहमागहमी बनी रही। श्यामा बाई को कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया के सामने भाजपा के प्रति समर्थन जताया और गले में भगवा दुपट्टा धारण कर लिया। जनपद पंचायत के बाहर कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व विधायक, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र जैन, ब्लॉक अध्यक्ष नदीम अहमद, एडवोकेट शब्बीर खान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे, लेकिन श्यामा बाई के इस कदम से वे स्तब्ध रह गए।